Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में वंदे मातरम् @150 के विशेष चरण का आयोजन

प्रदेशभर में 23 से 30 मार्च तक आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

जयपुर,( 23 मार्च 2026)। शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में 23 से 30 मार्च 2026 तक प्रदेश भर में वंदे मातरम्@150 के तहत विशेष चरण का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर वंदे मातरम प्रदर्शनी, प्रतियोगिताएं, वंदे मातरम से जुड़ी फिल्मों, ऑडियो मैसेज व विजुअल क्रियेटिव्ज का प्रदर्शन, वंदेमातरम का सामुहित गायन व म्यूजिकल थियेटर आदि विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर उनमें शहीदों के बलिदान के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ किया जाएगा।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश में पाँच चरणों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दो चरण अब तक सम्पन्न हो चुके हैं। इस बार शहीदी दिवस के अवसर पर 8 दिवसीय विशेष चरण का आयोजन किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत वीर शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव के साथ साथ प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानियों तथा वंदे मातरम् के इतिहास से जुड़े वीर शहीदों और योद्धाओं को केन्द्र में रखकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, जिला मुख्यालयों, स्थानीय निकाय क्षेत्रों एवं तहसील स्तर पर महत्वपूर्ण स्थानों पर वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन, उनके बलिदान तथा वंदे मातरम् की भावना से प्रेरित म्यूजिकल थिएटर, एकल एवं सामूहिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन होगा। जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए वंदे मातरम् पर आधारित ट्वीट वॉल एवं सेल्फी बूथ स्थापित किए जाएंगे। इस अवसर पर विशेष फिल्म निर्माण भी प्रतियोगिताएं आयेजित की जाएंगी। वहीं, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पत्र लेखन गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं में देशभक्ति और बलिदान के आदर्शों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

संस्कृति मंत्रालय, केंद्र सरकार द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर शहीदी दिवस की थीम पर क्यूरेटेड वंदे मातरम् प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी तथा वंदे मातरम् से जुड़े ऑडियो संदेश, शॉर्ट फिल्म एवं अन्य विजुअल क्रिएटिव का प्रसारण भी किया जाएगा। आमजन की सहभागिता बढ़ाने के लिए वंदे मातरम् की आधिकारिक वेबसाइट पर गतिविधियों से जुड़ी सेल्फी लेने तथा फोटो एवं वीडियो अपलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह विशेष अभियान प्रदेश में शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ युवाओं और आमजन में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.