Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

किसानों को निःशुल्क और सब्सिडी पर बीज वितरण रहेगा जारी

जनजाति क्षेत्र के कृषकों को 10 लाख से अधिक मक्का बीज मिनिकिट का निःशुल्क वितरण —कृषि मंत्री

जयपुर,(9 मार्च 2026)। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने सोमवार को विधान सभा में कहा कि राज्य के मक्का उपज बाहुल्य क्षेत्रों में कृषि विभाग एवं जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के द्वारा बीज मिनिकिट का निःशुल्क वितरण किया जाता है।

कृषि मंत्री विधायक समाराम के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में डूंगरपुर, उदयपुर, बांसवाडा, सलूम्बर, चित्तौड़गढ, राजसमंद, प्रतापगढ, पाली, सिरोही एवं बारां में जनजाति कृषकों को 8 लाख 26 हजार 219 मक्का बीज मिनिकिट एवं इन जिलों के गैर जनजाति कृषकों को 2 लाख 26 हजार 643 मक्का बीज मिनिकिट का वितरण किया गया है। इस प्रकार वर्ष 2025-26 में जनजाति क्षेत्र के कृषकों को कुल 10 लाख 52 हजार 862 मक्का बीज मिनिकिट निःशुल्क वितरित किये गये है। साथ ही, वर्ष 2025-26 में मक्का बुवाई वाले अन्य जिलों अजमेर, ब्यावर, बूंदी, भीलवाड़ा व झालावाड़ के कृषकों को भी 96 हजार 882 निःशुल्क मक्का बीज मिनिकिट वितरित किये गये हैं।

डॉ. मीणा ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए  अनुसूचित जनजाति व सहरिया क्षेत्र वाले जिलों डूंगरपुर, उदयपुर, बांसवाडा, सलूम्बर, चित्तौडगढ, राजसमंद, प्रतापगढ, पाली, सिरोही एवं बारां के अनुसूचित क्षेत्र के अन्तर्गत सम्मिलित क्षेत्र के 8 लाख 50 हजार जनजाति कृषकों को 85 करोड़ रूपये का व्यय किया जाकर निःशुल्क संकर मक्का बीज मिनिकिट उपलब्ध कराये जाने की घोषणा की गई है।

कृषि मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन अन्तर्गत वर्ष 2026-27 में राज्य में मक्का फसल के लिये चयनित जिलों बारां, झालावाड, बांसवाडा, डूंगरपुर, सलूम्बर, उदयपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ एवं राजसमंद में मक्का फसल के 500 क्विंटल प्रमाणित बीज का अनुदानित दर पर वितरण करने तथा 4 हजार 500 हैक्टेयर क्षेत्रफल में मक्का फसल प्रदर्शनों के आयोजन के लिए निःशुल्क बीज का वितरण किये जाने के संबंध में कार्ययोजना भारत सरकार को भिजवा दी गयी है।

डॉ. मीणा ने कहा कि वर्ष 2025-26 में राज्य के बाजरा उत्पादित 28 जिलों के कृषकों को 7 लाख 99 हजार 900 बाजरा बीज मिनिकिट का वितरण किया गया है। वर्ष 2026-27 में बाजरा फसल उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिये भारत सरकार की राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन अन्तर्गत बाजरा फसल के 12 हजार क्विंटल प्रमाणित बीज का अनुदानित दर पर वितरण तथा 24 हजार हैक्टेयर क्षेत्रफल में बाजरा फसल प्रदर्शनों के आयोजन के लिए निःशुल्क बाजरा बीज का वितरण किये जाने के संबंध में कार्ययोजना भारत सरकार को भिजवा दी गयी है।

कृषि मंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि वर्ष 2026-27 में भी राज्य के कृषकों को घोषणा अनुसार तथा केन्द्रीय प्रवर्तित योजना के माध्यम से निःशुल्क एवं अनुदानित दर पर मक्का एवं बाजरा फसल का बीज वितरण करवाया जाना प्रस्तावित है

Leave A Reply

Your email address will not be published.