Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जेडीए विस्तारित क्षेत्र में मांग और आवश्यकता के आधार पर होंगे विकास कार्य – नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री
जयपुर, (6 मार्च 2026)। नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि चाकसू विधानसभा क्षेत्र में जेडीए के विस्तारित क्षेत्र में मांग, आवश्यकता और वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता के अनुसार विकास कार्य करवाये जाएंगे।
नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री खर्रा प्रश्नकाल के दौरान सदस्य रामावतार बैरवा द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि चाकसू विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2020 से 2025 तक 23.55 किलोमीटर सड़कों का निर्माण करवाया गया है। खर्रा ने बताया कि विधानसभा सभा क्षेत्र चाकसू में 4 स्थानों पर रोड लाइट लगाई गई हैं। इसमें चाकसू रोड पर चाकसू बाईपास से बावड़ी तक 18.87 लाख रुपये की लागत से 67 रोड लाइट लगायी गयी हैं। बजाजपुरा से बालाजी धाम तक एवं रामपुरवास चाकसू रोड पर 18.98 लाख रुपये व्यय कर 180 रोड लाइट लगाई गई हैं। 19 मील रोड से चार सरकारी स्कूल तक 17.10 लाख रुपये की लागत से 133 रोड लाइट लगायी गयी हैं। उन्होंने बताया कि बरखेड़ा जैन मन्दिर से पुरानी रोड शिवदासपुरा तक 18.19 लाख रुपये की लागत से 188 रोड लाइट लगायी गयी हैं।
खर्रा ने बताया कि जयपुर विकास प्राधिकरण के विस्तार उपरांत जो ग्राम पंचायतें और नगरपालिकाएं सम्मिलित की गयी हैं, उनकी मूल आबादी भूमि तथा उन नगरपालिकाओं को स्थानान्तरित कर दी गई योजनाओं की भूमियों का स्वामित्व सम्बन्धित नगरपालिका का रहेगा। आबादी और योजना स्थानान्तरित के अलावा बाकी सरकारी भूमियों पर जयपुर विकास प्राधिकरण का अधिकार रहेगा।
इससे पहले विधायक बैरवा के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री ने बताया कि जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा चाकसू विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2020 से 2025 तक भूमि अवाप्त करके सुविधाएं विकसित नहीं की गयी।
उन्होंने बताया कि चाकसू विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2020 से 2025 तक रोड लाईट व सडकों का निर्माण करवाया गया है। उन्होंने रोड लाईट व सडक निर्माण कार्यों मय लम्बाई का विवरण सदन के पटल पर रखा।