Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
राजस्थान मेंटल हेल्थ एंड सुसाइड प्रिवेंशन नेटवर्क ने बजट 2026-27 में मानसिक स्वास्थ्य घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया
जयपुर (11 फ़रवरी 2026)। राजस्थान मेंटल हेल्थ एंड सुसाइड प्रिवेंशन नेटवर्क के संयोजक एवं जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ भूपेश दीक्षित ने राज्य बजट 2026-27 में ‘सभी के लिए मानसिक स्वास्थ्य’ के दूरगामी लक्ष्य को प्राथमिकता देने के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा और माननीय वित्त मंत्री श्रीमती दिया कुमारी जी का हृदय से आभार व्यक्त किया है । दीक्षित ने सरकार द्वारा घोषित ‘राज ममता’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे प्रदेश में अवसाद, चिंता और आत्महत्या जैसी गंभीर समस्याओं की रोकथाम के लिए एक युगांतकारी कदम बताया है । उन्होंने कहा कि सवाई मानसिंह चिकित्सा महाविद्यालय, जयपुर में ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन मेंटल हेल्थ’ की स्थापना से काउंसलिंग और टेली-मेडिसिन सेवाओं को नई विशेषज्ञता प्राप्त होगी ।
नेटवर्क से जुड़े मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों, साइकोलोजिस्टस, शिक्षाविदों, गैर-सरकारी संगठनो और स्वयंसेवकों ने स्वयं ने हर्ष व्यक्त किया कि सरकार ने जिला मुख्यालयों पर ‘मेंटल हेल्थ केयर सेल’ की स्थापना और जिला अस्पतालों में मनोरोग चिकित्सकों के साथ साइकोलॉजिकल काउंसलर्स की नियुक्ति का निर्णय लिया है, जिससे उपचार और पुनर्वास की सेवाएं सुलभ हो सकेंगी । उन्होंने विशेष रूप से युवाओं के लिए उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रति माह अनिवार्य ‘स्ट्रेस कम मेंटल हेल्थ काउंसलिंग और जागरूकता अभियानों को मील का पत्थर बताया । दीक्षित के अनुसार, पंचायत स्तर पर आरोग्य शिविरों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य परामर्श को ग्रामीण आबादी तक निःशुल्क पहुँचाने का प्रयास अत्यंत प्रशंसनीय है । नेटवर्क का मानना है कि ये संवेदनशील निर्णय न केवल जीवन बचाएंगे, बल्कि राजस्थान को मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में देश का एक अग्रणी और मॉडल राज्य बनाने का मार्ग तय होगा |