Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र की समस्त पंजीकृत सहकारी समितियों के पास स्वयं के गोदाम – सहकारिता राज्य मंत्री
जयपुर, (30 जनवरी 2026)। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में 58 ग्राम सेवा सहकारी समितियां (38 जहाजपुर एवं 20 कोटड़ी) पंजीकृत हैं। इनमें ग्राम सेवा सहकारी समितियों के कुल 78 भवन एवं गोदाम हैं, जिनमें से 70 भवन एवं गोदाम उपयोगी हैं।
सहकारिता राज्य मंत्री कुमार प्रश्नकाल के दौरान सदस्य गोपीचन्द मीणा द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र की कोटड़ी सहित अन्य सहकारी समिति द्वारा किसानों के मुआवजे की राशि संबंधी विषय पर नियमानुसार कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया।
इससे पहले विधायक मीणा के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में कुमार ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र जहाजपुर में कोटड़ी तथा जहाजपुर क्रय विक्रय सहकारी समिति तथा 58 ग्राम सेवा सहकारी समितयां पंजीकृत है। इन सभी पंजीकृत सहकारी समितियों के पास स्वयं के भवन/गोदाम हैं।
कुमार ने बताया कि समितियों के पास नियमानुसार वैध स्वामित्व वाली भूमि की उपलब्धता होने एवं नियमानुसार संबंधित प्रबंध निदेशक, केन्द्रीय सहकारी बैंक/उप रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां की अनुशंषा सहित प्रस्ताव प्राप्त होने पर उपलब्ध बजट के आधार पर गोदाम निर्माण की स्वीकृति पर विचार किया जाता है।