Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
पीएम श्री विद्यालय घंटियाली में राष्ट्रीय बालिका दिवस समारोह आयोजित
उज्ज्वल भविष्य के लिए बालिकाओं को सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक: बीडीओ सुनिता परिहार
घंटियाली/फलोदी (21 जनवरी 2026)। पीएम श्री राजकीय सीनियर माध्यमिक विद्यालय घंटियाली में एसआरकेपीएस एवं राजस्थान फोर्सेज नेटवर्क के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को राष्ट्रीय बालिका सप्ताह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक विकास अधिकारी सुनीता परिहार रहीं, जबकि अध्यक्षता ग्राम पंचायत सरपंच भूराराम ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में वाइस प्रिंसिपल हरिराम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक विकास अधिकारी सुनीता परिहार ने कहा कि उज्ज्वल भविष्य के लिए बालिकाओं को सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अवसरों की समानता से ही बालिकाओं का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में बालिकाएं किसी भी क्षेत्र में बालकों से कम नहीं हैं और हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। इस अवसर पर उन्होंने राज्य सरकार द्वारा बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सरपंच भूराराम ने राष्ट्रीय बालिका दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर बालिकाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और वे समाज का नाम रोशन कर रही हैं।
इस अवसर पर एसआरकेपीएस कार्यक्रम समन्वयक श्याम मोहन ने संस्था द्वारा बालिकाओं के उत्थान हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी तथा केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली तीन महिलाओं को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में उनकी होनहार प्रतिभा के लिए पूजा मेघवाल, स्वयं सहायता समूह (SHG) के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बेबी गोदारा, आशा सहयोगिनी के रूप में स्वास्थ्य सेवाओं में विशेष योगदान के लिए संतु माचरा को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अब्दुल रहीम, अंजना यादव, किसान पेपाराम, एसआरकेपीएस की ओर से तेजप्रकाश, लालाराम, भंवरलाल सहित अन्य स्टाफ सदस्य एवं काफी बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।