Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन पर पहले अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन–2026 में राजस्थान की सहभागिता

चुनाव मीडिया और मतदाता जागरूकता पर होगा राजस्थान का प्रस्तुतिकरण, राजस्थान के पार्टनर देश होंगे क्रोएशिया एवं कज़ाख़िस्तान

जयपुर, (20 जनवरी 2026)। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 21 से 23 जनवरी, 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किए जा रहे लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन पर पहले अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन–2026 (IICDEM-2026) में राजस्थान भी सक्रिय सहभागिता कर रहा है। यह तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि इस वैश्विक सम्मेलन में राजस्थान निर्वाचन विभाग द्वारा “चुनाव, मीडिया और मतदाता जागरूकता” विषय पर अपने अनुभव, नवाचार और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को प्रस्तुत किया जाएगा। राजस्थान ने चुनावी प्रक्रिया में मीडिया की सकारात्मक भूमिका, मतदाता शिक्षा एवं सहभागिता बढ़ाने के लिए किए गए प्रभावी प्रयासों तथा जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में उल्लेखनीय कार्य किया है।

 महाजन ने बताया कि इस सम्मेलन के अंतर्गत राजस्थान के पार्टनर देश क्रोएशिया एवं कज़ाख़िस्तान हैं। इन देशों के साथ अनुभवों के आदान-प्रदान, संवाद और सहयोग के माध्यम से चुनाव प्रबंधन, मीडिया एंगेजमेंट तथा मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई समझ और नवाचार विकसित किए जाएंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यह सम्मेलन विश्वभर के लगभग 40 देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों (EMBs), अंतर्राष्ट्रीय संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों एवं विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान करेगा। राजस्थान निर्वाचन विभाग की भागीदारी न केवल राज्य के चुनावी सुधारों और नवाचारों को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करेगी, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं और समावेशी चुनावी प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाने में भी योगदान देगी।

राजस्थान निर्वाचन विभाग इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन को लोकतंत्र, पारदर्शिता और मतदाता सहभागिता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखता है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन के नेतृत्व में राजस्थान का 15 सदस्य प्रतिनिधिमंडल सम्मेलन में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंच चुका है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.