Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अभ्यर्थियों से किया वादा, अब सभी परीक्षाएं होंगी पारदर्शिता
युवा मन लगाकर पढ़ाई करें, सरकार हर कदम पर उनके साथ - मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर, (13 जनवरी 2026)। एक लाख भर्तियों का कैलेण्डर जारी करने, दो वर्ष के कार्यकाल में एक लाख सरकारी नौकरियां देने के साथ ही पेपरलीकमुक्त राजस्थान बनाने का वादा पूरा होने पर मंगलवार को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बड़ी संख्या में युवाओं ने मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचकर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भी अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए उनसे वादा किया कि प्रदेश में अब सभी परीक्षाएं पारदर्शिता के साथ होंगी। युवा मन लगाकर पढ़ाई करें, सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
शर्मा ने कहा कि युवा राष्ट्र निर्माता हैं। इनके परिश्रम को सही दिशा देकर ही देश और प्रदेश का तेजी से विकास संभव है। हमारी सरकार ने युवाओं को सौगात देते हुए 1 लाख भर्ती परीक्षाओं का कैलेण्डर जारी किया है। अब युवाओं को भर्तियों के लिए लम्बा इंतजार नहीं करना होगा। भर्ती परीक्षाएं समय पर होंगी और निष्पक्ष होंगी, जिससे युवाओं को उनके परिश्रम का फल अवश्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं के कैलेण्डर के साथ-साथ नई युवा नीति एवं रोजगार नीति भी जारी की गई है, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के साथ ही स्वरोजगार एवं उद्यम में रुचि रखने वाले युवा भी लाभान्वित हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान के हर क्षेत्र में प्रगति की अपार संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ तथा ‘स्वदेशी’ के आह्वान को आत्मसात करते हुए युवा रोजगार प्रदाता बनकर प्रदेश के विकास में अहम योगदान दें। उन्होंने कहा कि युवाओं को निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। निजी क्षेत्र में दो लाख से अधिक रोजगार के अवसर प्रदान किए गए हैं।
शर्मा ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में पेपरलीक से लाखों युवाओं के सपने चकनाचूर हो गए। हमारी सरकार ने पेपरलीक प्रकरणों से प्रदेश को मुक्ति दिलवाई है। दो वर्षों में 351 परीक्षाएं बिना किसी गड़बड़ी के संपादित हुई हैं। वहीं 1 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और करीब 1 लाख 43 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
नारे लगाकर युवाओं ने दिया सरकार को धन्यवाद –
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने युवा हित में निरन्तर किए जा रहे निर्णयों के लिए नारे लगाकर मुख्यमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान एक छात्रा ने साल की शुरूआत में ही भर्ती कैलेण्डर जारी करने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि पहले युवा परीक्षाओं की तैयारी करते रहते थे लेकिन परीक्षाएं समय पर नहीं होती थी। ऐसे में परिवार वाले शादी का दबाव बनाने लगते थे। अब भर्ती कैलेण्डर जारी हो गया है तो मन लगाकर तैयारी कर सकते हैं।
इस दौरान प्रदेशभर से बड़ी संख्या में आए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी उपस्थित रहे।