Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर, (7 जनवरी 2026)। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को अजमेर की चौधरी कॉलोनी में लगभग एक करोड़ रुपए से अधिक की लागत से किए जाने वाले विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए आधारभूत ढांचे के विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है। सड़कें किसी भी क्षेत्र की जीवन रेखा होती हैं, जो आवागमन को सुगम बनाने के साथ व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच को भी सशक्त करती हैं।
उन्होंने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से सभी वार्डों में सड़क, नाली, विद्युत एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
देवनानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखते हुए हर मोहल्ले तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।