Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

सक्षम जयपुर अभियान : बस्सी में नारी चौपाल बना महिला सशक्तिकरण का सशक्त मंच – हजारों महिलाओं की भागीदारी

जयपुर जिले के सभी उपखण्डों में चरणबद्ध रूप से हो रहा नारी चौपाल कार्यक्रम

जयपुर, (07 जनवरी 2026)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप जयपुर जिले में महिला सशक्तिकरण को सशक्त आधार देने की दिशा में सक्षम जयपुर अभियान के तहत नारी चौपाल कार्यक्रम प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत उपखण्ड स्तर पर आयोजित इन चौपालों ने महिलाओं को संवाद, सहभागिता और आत्मनिर्भरता का सशक्त मंच प्रदान किया है।

इसी क्रम में जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशानुसार बुधवार को बस्सी उपखण्ड में नारी चौपाल का भव्य आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में हजारों महिलाओं एवं बालिकाओं की सहभागिता ने आयोजन को प्रेरणादायी बना दिया।

महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मृणाल कुमार एवं उपखण्ड अधिकारी डॉ. गरिमा शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित चौपाल में महिलाओं ने आत्मविश्वास, हुनर और नेतृत्व क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान मारवाड़ी लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण जैसी प्रस्तुतियों ने चौपाल को जीवंतता प्रदान की। “हम होंगे कामयाब” और “मेरा काम—मेरा सम्मान” जैसी प्रस्तुतियों के माध्यम से महिलाओं ने स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का सशक्त संदेश दिया। विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं द्वारा अनुभव साझा किए जाने से उपस्थित प्रतिभागियों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली।

नारी चौपाल में महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, शिक्षा, पुलिस, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।अधिकारियों ने महिलाओं से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, पोषण, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। मौके पर लगाए गए सहायता काउंटरों के माध्यम से महिलाओं को योजनाओं से जुड़ा मार्गदर्शन और सहयोग भी उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं ने सक्षम जयपुर अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर किए तथा बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ की शपथ ली। नोडल अधिकारी एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मृणाल कुमार द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

डॉ. डोगीवाल ने बताया कि नारी चौपाल का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। इन चौपालों के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना जा रहा है, जिससे नीति एवं क्रियान्वयन में सकारात्मक बदलाव संभव हो रहा है।

उन्होंने बताया कि जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशानुसार जयपुर जिले के सभी उपखण्डों में नारी चौपाल कार्यक्रम चरणबद्ध रूप से आयोजित किए जाएंगे। नारी चौपाल केवल संवाद का मंच नहीं, बल्कि यह महिलाओं को आत्मविश्वास, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान करने की एक सशक्त पहल है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध हो रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.