Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

विश्व शौचालय दिवस पर राजस्थान में 10 एस्पिरेशनल/पिंक शौचालयों का लोकार्पण

जयपुर, (19 नवम्बर 2025)। विश्व शौचालय दिवस , 19 नवम्बर की  इस वर्ष की थीम “बदलती दुनिया में स्वच्छता”  है। इसी कड़ी में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय  द्वारा बुधवार को देशभर में एस्पिरेशनल/पिंक शौचालयों का ऑनलाइन लोकार्पण किया गया।
नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग के मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में  7 नगरीय निकायों जोधपुर, भरतपुर, गंगापुर सिटी, जयपुर, सिरोही, प्रतापगढ़ एवं शाहपुरा (जयपुर) में 10 एस्पिरेशनल/पिंक (महिला) शौचालयों का लोकार्पण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया । इस कार्यक्रम में  स्वायत्त शासन सचिव रवि जैन भी उपस्थित रहे।
झाबर सिंह खर्रा ने सभी नगर निकायों के अधियकारियों को निर्देशित किया कि एस्पिरेशनल/पिंक (महिला) शौचालयों की गुणवत्ता, नियमित रखरखाव और जनसुलभता सुनिश्चित की जाए ताकि प्रदेश की शहरी स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाया जा सके।
रवि जैन ने  बताया कि केंद्र  सरकार के निर्देशानुसार राज्य के सभी नगरीय निकायों में एस्पिरेशनल/पिंक टॉयलेट्स का निर्माण चरणबद्ध रूप से किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों सहित प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सुलभ शौचालय सुविधा उपलब्ध करवाना   है।
उन्होंने बताया कि राज्य में 7,938 शौचालय सीटों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनमें से 672 सीटों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। राज्य बजट  घोषणा 2024-25 की अनुपालना में  86 पिंक टॉयलेट ब्लॉक्स (458 सीटें) के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है, जिनमें 132 सीटों का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अतिरिक्त, वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु 500 पिंक टॉयलेट्स के निर्माण का प्रस्ताव  है, जिनमें से 422 टॉयलेट ब्लॉक्स को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
कार्यक्रम में  स्वायत्त शासन निदेशक  जुईकर प्रतीक चन्द्रशेखर, मुख्य अभियंता प्रदीप गर्ग, अरुण व्यास सहित अन्य उच्च अधिकारी उपस्थित रहे ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.