Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
राजस्थान राज्य बैडमिंटन चैम्पियनशिप का हुआ शुभारम्भ, 35 जिलों के 700 से अधिक शटलरों ने दिखाया अपना दम ख़म
झुंझुनूं एकेडमी विज्डम सिटी स्थित रेजिडेंशियल बैडमिंटन एकेडमी में खेले जा रहे है मुकाबले
झुंझुनूं,(5 अक्टूबर 2025)। राजस्थान एवं जिला बैडमिंटन संघ की ओर से आयोजित प्रतिष्ठित योनेक्स सनराइज राजस्थान स्टेट सब जूनियर अंडर 11 एवं 13 आयु वर्ग बालक-बालिका चैम्पियनशिप 2025 के मैन ड्रा मुकाबलों का शानदार शुभारम्भ झुंझुनूं एकेडमी विज़्डम सिटी में हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय तथा सिंघानिया यूनिवर्सिटी प्रसिडेन्ट एवं रिटायर्ड आईएएस अधिकारी डॉ. मनोज कुमार गर्ग एवं राजस्थान बैडमिंटन एसोसिएशन सचिव के.के शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे जिनका जिला बैडमिंटन संघ द्वारा स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया।
चैंपियनशिप का विधिवत शुभारम्भ जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के द्वारा किया गया जहा उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें खेल भावना से खेलने का सन्देश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजेश ज्योति उपाध्याय ने युवा पीढ़ी को एक प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में सिर्फ किताबी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है। मेरा मानना है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों को भी अपने जीवन का एक अहम हिस्सा बनाना चाहिए। उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि खेल सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं है बल्कि यह जीवन के महत्वपूर्ण सबक सिखाता है। उन्होंने कहा खेल न केवल हमारे शरीर को फिट रखते हैं, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर एकाग्रता (कंसंट्रेशन)को भी बढ़ाते हैं। खेल हमें टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता (लीडरशिप) और विपरीत परिस्थितियों में हार न मानने की सीख देते हैं। एक विद्यार्थी जो खेल के मैदान में भी सक्रिय रहता है, वह जीवन के हर क्षेत्र में संतुलित दृष्टिकोण अपनाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि माता-पिता और शिक्षण संस्थानों को भी यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके पाठ्यक्रम में खेलों को उचित स्थान मिले, ताकि बच्चों का संपूर्ण विकास हो सके, उन्होंने जिला बैडमिंटन संघ की ओर से योनेक्स-सनराइज राजस्थान स्टेट सब जूनियर अंडर 11 एवं 13 बैडमिंटन चैम्पियनशिप के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवा खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही बृजेश ज्योति उपाध्याय ने सभी युवा प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें याद दिलाया कि जीतना और हारना खेल का हिस्सा है लेकिन सबसे महत्वपूर्ण है खेल भावना के साथ भागीदारी करना और सीखते रहना। उनके इस संदेश ने सभी विद्यार्थियों को शिक्षा और खेल के बीच सही संतुलन बनाने के लिए प्रेरित किया।
योनेक्स-सनराइज राजस्थान स्टेट सब जूनियर बैडमिंटन चैम्पियनशिप के उद्घाटन अवसर पर बोलते हुए सिंघानिया यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट एवं पूर्व आईएएस डॉ.मनोज कुमार गर्ग ने खेलों के माध्यम से विकसित होने वाले अनुशासन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सिंघानिया यूनिवर्सिटी हमेशा खेल और शिक्षा को साथ लेकर चलती है और ये इसी बात का प्रमाण है की आज जिले के बच्चे नेशनल तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे है उन्होंने कहा की खेल हमें समय का पाबंद बनाते हैं, नियमों का सम्मान करना सिखाते हैं और एक टीम के रूप में काम करने की भावना पैदा करते हैं। ये सभी गुण एक सफल व्यक्तित्व के निर्माण के लिए आवश्यक हैं।
उन्होंने युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें अपनी पढ़ाई और खेल के बीच एक स्वस्थ संतुलन बनाए रखना चाहिए, क्योंकि यही संतुलन उन्हें भविष्य में एक उत्कृष्ट नागरिक और सफल पेशेवर बनाएगा। उन्होंने आयोजकों को इस शानदार आयोजन के लिए बधाई दी, जो जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने का काम कर रहा है।
राजस्थान बैडमिंटन संघ सचिव के.के.शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि यह चैम्पियनशिप राजस्थान में बैडमिंटन के भविष्य के लिए नींव का पत्थर है। हमारा मुख्य लक्ष्य दूर-दराज के क्षेत्रों से अंडर-11 और अंडर-13 जैसी सबसे कम उम्र की प्रतिभाओं को एक राज्य स्तरीय मंच प्रदान करना है। उन्होंने ज़ोर दिया कि इन सब-जूनियर खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर पर एक्सपोजर मिलना बहुत ज़रूरी है। यह आयोजन उन्हें प्रतिस्पर्धा के माहौल में खुद को परखने और भविष्य के राष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों के लिए तैयार होने का अवसर देता है। उन्होंने झुंझुनूं जिला बैडमिंटन संघ के प्रयासों की सराहना की।
वहीं जिला बैडमिंटन संघ झुंझुनूं के अध्यक्ष डॉ. दिलीप मोदी ने सभी मेहमानों और खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल करियर का माध्यम नहीं हैं बल्कि ये एक स्वस्थ और अनुशासित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिस तरह से इतनी बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी यहाँ एकजुट हुए हैं, यह साबित करता है कि खेल ही भविष्य की नई दिशा है। ज़िला बैडमिंटन संघ झुंझुनूं के अध्यक्ष डॉ. दिलीप मोदी ने सिंघानिया यूनिवर्सिटी का विशेष आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके सहयोग से ही ज़िले में इस स्तर की चैम्पियनशिप का आयोजन संभव हो पाया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलें और सच्ची खेल भावना का परिचय दें।
कार्यक्रम का सञ्चालन बखूबी रूप से स्कूल निदेशक आकाश मोदी ने किया जहा उन्होंने ना केवल सञ्चालन किया बल्कि बैडमिंटन खेल की बारीकियों से भी सभी खिलाड़ियों को अवगत करवाया, साथ ही उन्होंने बताया की इस चैंपियनशिप का समापन एवं पुरुस्कार वितरण समारोह 8 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला बैडमिंटन संघ संरक्षक कुरड़ाराम धींवा, संघ सदस्य एवं झुंझुनू एकेडमी निदेशक आकाश मोदी, झुंझुनू एकेडमी प्राचार्य डॉ रवि शंकर शर्मा, चैंपियनशिप प्रभारी श्याम सुंदर शर्मा बैडमिंटन कोच नितेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग उपस्थित थे।