Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जीएसटी 2.0 कर व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव- संसदीय कार्य मंत्री
जयपुर जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने की फ्लैगशिप योजना की प्रगति की समीक्षा
जयपुर, (24 सितंबर 2025)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लागू किया गया जीएसटी 2.0 भारत की कर व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव है, जिसने आमजन, कृषक और व्यापारी वर्ग को बड़ी राहत दी है। जीएसटी के चार स्लैब्स में किए गए क्रांतिकारी परिवर्तन से जनता त्यौहारों से पूर्व ही त्यौहार जैसा उत्साह अनुभव कर रही है और मार्केट में रौनक का माहौल बना है। यह कहना है जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल का।
जयपुर जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की मौजूदगी में आयोजित इस समीक्षा बैठक में फ्लेगशिप योजनाओं की प्रगति, लक्ष्य के विरुद्ध अर्जित उपलब्धि और सुधारात्मक कदमों के साथ-साथ अतिवृष्टि प्रभावित व्यक्तियों को भुगतान एवं लंबित प्रकरणों के निस्तारण हेतु कार्ययोजना, गिरदावरी कार्य, प्रभावित विद्यालयों और भवनों के मरम्मत कार्यों की प्रगति, भूमि आवंटन से जुड़े लंबित प्रकरणों की स्वीकृति, उर्वरक उपलब्धता और वितरण तथा जन शिकायतों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की गई।
जयपुर प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने बैठक में ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों की समीक्षा करते हुए सेवा शिविरों में हेल्प डेस्क के संचालन के निर्देश दिये ताकि आमजन को प्रार्थना पत्र लिखने या सेवाओं के लिए परेशानी का सामना ना करना पड़े और उन्हें तुरंत सहायता मिले। उन्होंने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार शिविरों में पूरे संकल्प और गंभीरता से कार्य करें तथा जनता की प्रतिक्रिया के आधार पर शिविरों को और अधिक सुव्यवस्थित, सुविधाजनक और लाभकारी बनाएं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जयपुर जिला राजस्थान के विकास और प्रगति का आईना है, यहां किए गए कार्य पूरे प्रदेश में परिलक्षित होते हैं। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर संतोष जाहिर करते हुए अधिकारियों के प्रयासों को और बेहतर प्रयास करने के निर्देश दिये।। बैठक में बताया गया कि जयपुर में अतिवृष्टि के कारण तीन जनहानि हुई है, उनके आश्रितों को सहायता राशि प्रदान करने की कार्यवाही की जा रही है।
रास्ता खोलो अभियान एवं पंच गौरव प्रोत्साहन योजना में हुई प्रगति पर जिला प्रभारी मंत्री ने संतोष जाहिर किया। उन्होंने कहा कि दीपावली से पूर्व शहरी क्षेत्रों में टूटी सड़कों की मरम्मत और आवश्यकता अनुसार नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही पट्टा वितरण, नाले-नालियों की सफाई और शहर की गलियों व चौराहों की स्वच्छता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में नगर निगम जयपुर हेरिटेज की आयुक्त निधि पटेल, नगर निगम जयपुर ग्रेटर के आयुक्त गौरव सैनी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) विनीता सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर (द्वितीय) मेघराम मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (दक्षिण) युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (उत्तर) मुकेश कुमार मूंड, अतिरिक्त जिला कलक्टर (पूर्व) संजय माथुर सहित जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जिला परिषद, पुलिस प्रशासन, रीको, पर्यटन, आरएसआरडीसी, उद्योग विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, पशुपालन, आईटी, शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सार्वजनिक निर्माण, जेवीवीएनएल, सहकारिता एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।