Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

अतिवृष्टि से प्रभावितों को मिल रही राहत , बाढ़ में मृतकों के आश्रितों को 104 लाख रूपए की आर्थिक राहत दी गई

33 प्रतिशत नुकसान होने पर भी प्रभावितों को मिली राहत - आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री

जयपुर, (04 सितंबर 2025)। आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने गुरूवार को विधानसभा में कहा कि प्रदेश में अतिवृष्टि वाले क्षेत्रों में प्रभावितों को राहत प्रदान करने के लिए राज्य सरकार पूर्ण प्रतिबद्ध है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन द्वारा आश्रय स्थलों का निर्माण किया जा रहा है। फ़ूड पैकेट व अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।
आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री ने शून्यकाल में सदन के सदस्य व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली द्वारा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से उठाए प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में 62 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। कई क्षेत्रों में जलभराव का संकट उत्पन्न हुआ है। इस समस्या के समाधान के लिए राज्य सरकार सभी व्यवस्थाएं सुचारू करने में जुटी हुई हैं।
डॉ. मीणा ने कहा कि इस अवधि में बाढ़ से प्रभावित 26 मृतकों के आश्रितों को 104 लाख रूपए की सहायता राशि दी जा चुकी है। पशुधन की क्षति से प्रभावित व्यक्तियों को 2 लाख 53 हजार रूपए दिए गए हैं। आवासीय क्षति से प्रभावित 515 लोगों को लगभग 184 लाख रूपए की आर्थिक मदद की गई है। साथ ही, बर्तनों के लिए 193 परिवारों को 10 लाख रूपए दिए गए हैं।
आपदा प्रबंधन मंत्री ने कहा कि गत सरकार में अतिवृष्टि से 50 प्रतिशत नुकसान होने पर प्रभावितों को सहायता दी गई थी, जबकि वर्तमान सरकार ने मात्र 33 प्रतिशत नुकसान पर ही प्रभावितों को राहत पहुंचाकर सम्बल दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.