Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

बाल नशा मुक्ति पर जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

बच्चों ने ली नशा मुक्ति की शपथ

झुंझुनूं, (26 जून 2025)। अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर बाल अधिकारिता विभाग एवं जिला बाल संरक्षण इकाई झुंझुनूं के संयुक्त तत्वावधान में गुढ़ा मोड़ स्थित एलन कोचिंग संस्थान क्लासेज परिसर में ‘बाल नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना एवं समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करना रहा।

कार्यक्रम के संयोजक सहायक निदेशक अरविन्द कुमार ओला ने बताया कि बच्चों और किशोरों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति गंभीर चिंता का विषय है, जो उनके समग्र विकास को बाधित कर रही है। इसे रोकने हेतु प्रशासन, समाज, शिक्षकों एवं परिवारों को मिलकर प्रयास करने होंगे।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला सेशन न्यायाधीश डॉ. के. सिंह सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमन्त सिंह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन पुनिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बच्चों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी।

डॉ. सोलंकी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, समाज की जड़ों को खोखला करता है। उन्होंने कानूनी प्रविधान की जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को नशीले पदार्थ बेचना या सेवन कराना अपराध है।

एएसपी हेमन्त सिंह ने बताया कि पुलिस विभाग बच्चों तक नशे की पहुंच को रोकने हेतु सतत निगरानी, छापेमारी एवं सख्त कार्रवाई कर रहा है। डॉ. पवन पुनिया ने विभाग द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्रों, परामर्श सत्रों और पुनर्वास सेवाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में एलन कोचिंग क्लासेज के सेंटर हेड मदन घाछावा, एडमिन हेड दीपक सुंडा, पीएनसीएफ हेड प्रदीप चौधरी, जयपाल सिंह पूनिया, सुनील सैनी, संदीप सिंह शेखावत सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के जिला समन्वयक महेश कुमार मांजू, काउंसलर अरविन्द कुमार, केस वर्कर नरेन्द्र सिंह भाटी एवं अन्य विभागीय प्रतिनिधियों की भी भागीदारी रही।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा बच्चों को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का समापन डॉ. सोलंकी द्वारा नशा मुक्ति शपथ के साथ हुआ। सभी प्रतिभागियों ने इस मुहिम को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.