Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
विशेष योग्यजन शिविर 26 से 30 जून तक नवलगढ़ उपखंड में आयोजित होंगे
कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण एवं योजनाओं का मिलेगा लाभ
झुंझुनूं, (25 जून 2025)। राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुसार विशेष योग्यजनों (दिव्यांगजनों) के सशक्तिकरण एवं कल्याण हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत नवलगढ़ उपखंड क्षेत्र में 26 से 30 जून तक शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
सामाजिक सुरक्षा अधिकारी जयकरण सिंह बुढानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इन शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण निशुल्क प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन भी शिविर स्थल पर ही तैयार करवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 26 जून को पंचायत समिति सभागार नवलगढ़, 27 जून को नगरपालिका मुकुंदगढ़ वहीं 30 जून को भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र खिरोड़ में शिविर लगाए जाएंगे। शिविर में मेडिकल टीम की ओर से विशेष योग्यजनों के विकलांग प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। साथ ही कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण के लिए आवेदन तैयार करवा कर आवश्यक माप आदि भी लिए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त ई-मित्र के माध्यम से यूडीआईडी कार्ड हेतु ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजनाओं — जैसे पेंशन, छात्रवृत्ति, स्वरोजगार आदि — के आवेदन पत्र भी भरे जाएंगे।
शिविर में भाग लेने वाले विशेष योग्यजन अपने साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड व जनाधार कार्ड, विकलांग प्रमाण पत्र (यदि पहले से हो), आय प्रमाण पत्र, पेंशन पीपीओ (यदि पहले से पेंशन मिल रही हो) अवश्य लेकर आएं ।