Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत पत्रकारों ने किया बुहाना क्षेत्र का भ्रमण
जल संरक्षण के कार्यों का अवलोकन कर ली तकनीकी जानकारी
झुंझुनूं, (06 जून 2025)। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिले के पत्रकारों के दल ने बुहाना क्षेत्र के विभिन्न जल संरक्षण स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरे का उद्देश्य जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए नवाचारों का प्रत्यक्ष अवलोकन करना, जन सहभागिता के सफल उदाहरणों को देखना तथा जल संचयन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त करना था।
इस दौरान बुहाना पंचायत समिति के बड़बर गांव से हुई, जहां पत्रकारों ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत चारागाह भूमि पर किए गए जल संरक्षण एवं उद्यानिकी कार्यों का निरीक्षण किया। इस क्षेत्र में वर्षा जल को संचित कर पौधारोपण एवं सिंचाई के लिए उपयोग में लाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की जल-निधियों को संरक्षित करने के साथ-साथ हरियाली में भी इजाफा हो रहा है।
भ्रमण के दौरान पत्रकारों ने भीर्र गांव में निर्मित फॉर्म पोंड का जायजा लिया। यह जल स्रोत स्थानीय किसानों के लिए एक सशक्त संसाधन बनकर उभरा है, जहां संचित जल का उपयोग कृषि व बागवानी के लिए किया जा रहा है।
भ्रमण के दौरान जलग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग, बुहाना के अधिशासी अभियंता मनोज गौड़ ने पत्रकारों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि “प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत निर्मित जल संरचनाएं न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा दे रही हैं, बल्कि ग्रामीणों की आजीविका में भी सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। इन कार्यों से चारागाह भूमि पर हरियाली में वृद्धि हुई है और ग्रामीण समुदाय में जल के प्रति चेतना आई है।”
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता एवं पदेन परियोजना प्रबंधक वाटरशेड कृष्ण कुमार बाबल, जलग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग सिंघाना के सहायक अभियंता संदीप कुमार, जिला परिषद के अधिशासी अभियंता विजेंद्र सिंह ढाका, बड़बर गांव के सरपंच विनोद कुमार, भीर्र गांव के सरपंच शीशराम मान, किसान पंकज जांगिड़ सहित विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।