Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

विश्व पृथ्वी दिवस पर पौधारोपण का संकल्प

वन मंत्री ने फतेहपुर में किया पौधारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जयपुर, (22 अप्रैल 2025)। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने सीकर जिले के फतेहपुर तहसील के अलफसर गांव में जिला प्रशासन एवं पण्डित बद्रीप्रसाद महर्षि चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में पण्डित बद्रीप्रसाद महर्षि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरियालों राजस्थान के संकल्प को दोहराया।

शर्मा ने कहा कि प्रकृति हमारी जीवनदायिनी है, जिससे हम जन्म से मृत्यु तक अनेक संसाधन प्राप्त करते हैं। उन्होंने चिंता जताई कि जलवायु परिवर्तन के कारण विश्व आज गर्मी, अत्यधिक बारिश और सूखे जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण ही प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने का एकमात्र उपाय है।

शर्मा ने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए दूसरों को प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष ‘हरियाला राजस्थान’ अभियान के तहत राज्य को तीन करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था, जिसे पूर्ण करते हुए 7 करोड़ 22 लाख पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि का उल्लेख प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ में भी किया हैं।

शर्मा ने कहा कि इस वर्ष मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 10 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से इस वर्ष भी यह लक्ष्य न केवल प्राप्त होगा, बल्कि इस इस वर्ष भी आम जन की सहभागिता से पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं पौधारोपण को लेकर निरंतर जनता को प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने पण्डित बद्रीप्रसाद महर्षि चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की और सभी से पर्यावरण जागरूकता के लिए निरंतर प्रयास करने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामवासियों की मांग पर फतेहपुर से भगासरा तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव राज्य सरकार को भिजवाने का आश्वासन दिया। इससे पूर्व प्रभारी मंत्री शर्मा ने पण्डित बद्रीप्रसाद महर्षि राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय का निरीक्षण कर अस्पताल परिसर में तथा विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान प्रभारी मंत्री संजय शर्मा एवं अतिथियों ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत 5 सफाई कर्मचारियों को पुष्प गुच्छ देकर सम्मान किया।

इस अवसर पर धोद विधायक गोरधन वर्मा, जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, विद्यार्थी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.