Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

शिक्षा मंत्री का 24वाँ जन समस्या समाधान शिविर

जयपुर, (23 जून 2025)। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी में आयोजित किए जाने वाले सरकार आपके द्वारा जन समस्या समाधान शिविर के तहत 24वां शिविर सोमवार को घाटोली ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित हुआ। शिक्षा मंत्री ने शिविर में सेवालाल पुत्र रतनलाल निवासी घाटोली को खसरा नंबर 97 का आवासीय पट्टा तत्काल बनाकर दिलवाया। शिविर में कुल 80 आवेदन प्राप्त हुए।

शिविर में बोरडी के लोगों ने सामुदायिक भवन बनाने की मांग की। शिक्षा मंत्री ने विधायक कोष से 10 लाख रुपए बोरडी में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए देने की स्वीकृति प्रदान की। साथ ही, घाटोली में सामुदायिक भवन बनाने के लिए मदन दिलावर ने 20 लाख रुपए स्वीकृत किए। इसी प्रकार ग्राम दूधियाखेड़ी में 10 लाख और बख्शपुरा में 5 लाख रुपए की लागत सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने सांड्याखेड़ी गांव में नाली निर्माण और इंटरलॉकिंग के लिए विधायक कोष से 5 लाख रुपए स्वीकृत किए। शिविर में ग्रामीणों की मांग पर शिक्षा मंत्री दिलावर ने विधायक कोष से यह राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।

घाटोली में नई सड़क बनाने की मांग पर शिक्षा मंत्री ने नई सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर ने शिविर में पौधारोपण करने के लिए अनूठे तरीके से प्रेरित किया। ग्राम खेड़ली से आए कुछ लोगों ने श्री महादेव मंदिर खेड़ली परिसर में पानी की व्यवस्था करने और मंदिर तक इंटरलॉकिंग कराने की दरख्वास्त दी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि अभी बारिश शुरू हो गई है। आप मंदिर परिसर और गांव के चारागाह भूमि पर 500 पौधे लगाते हैं और 6 माह तक उनकी देखरेख करते है तो आपके मंदिर परिसर में टयूबवेल लगवा दी जाएगी और पौधे जब एक साल के हो जाएंगे तो उनकी चारदीवारी और इंटरलॉकिंग के लिए 5 लाख रुपए दिए जाएंगे। ग्रामवासियों ने 500 पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी सहर्ष स्वीकार की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.