Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
झुंझुनूं, (12 जून 2026)। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार से जिले में शहरी सेवा शिविर एवं ग्रामीण सेवा शिविरों का शुभारंभ हुआ। शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आमजन को राहत मिल रही है।
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने नवलगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को विवाह प्रमाण पत्र, पट्टा नामांतरण प्रमाण पत्र सहित विभिन्न दस्तावेज वितरित किए। जिला कलेक्टर ने शिविर में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
इसके बाद जिला कलेक्टर डॉ गर्ग ने डूंडलोड नगरपालिका में आयोजित शहरी सेवा शिविर का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने एक पात्र लाभार्थी को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) प्रमाण पत्र जारी कर लाभान्वित किया। उन्होंने शिविर में आए नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी भी ली।
जिला कलेक्टर ने बताया कि शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। शिविरों में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, पट्टा संबंधी प्रकरण, नामांतरण, खाद्य सुरक्षा योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, श्रमिक पंजीयन, राजस्व संबंधी प्रकरणों का निस्तारण, विद्युत एवं जलदाय विभाग से संबंधित शिकायतों का समाधान, स्वच्छता एवं सफाई व्यवस्था से जुड़े कार्य, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण सहित अनेक सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
ग्रामीण सेवा शिविरों में राजस्व, पंचायती राज, कृषि, पशुपालन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, जलदाय, विद्युत तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर मौके पर ही समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। वहीं शहरी सेवा शिविरों में नगरीय निकायों से जुड़े कार्यों के साथ-साथ विभिन्न विभागों की सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन गांवों एवं शहरों के द्वार पहुंचकर आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने आमजन से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।