Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

केन्‍द्र सरकार के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बूंदी में जिला प्रभारी मंत्री ने की प्रेस वार्ता

जयपुर, (14 जून 2026)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं बूंदी जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने रविवार को बूंदी जिले के सर्किट हाऊस में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में देश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। हर क्षेत्र में उल्‍लेखनीय कार्य इस बात का प्रमाण है।

उन्होंने केन्‍द्र सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। देश के 25 करोड़ नागरिक गरीबी के जाल से सुरक्षित बाहर निकले हैं। प्रभारी मंत्री ने ‘GYAN’ (गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी) मॉडल को सरकार के सशक्तिकरण और सफलता का मुख्य आधार बताया।

उन्‍होंने कहा कि देश के 81 करोड़ से अधिक लोगों को हर माह मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा हैं।

उन्‍होने कहा कि 60 करोड़ नागरिकों को 5 लाख रुपये तक का सालाना मुफ्त इलाज मिल रहा है, जिसके लिए देशभर में 1.8 लाख से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं। अब 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को भी इस मुफ्त उपचार योजना में शामिल किया गया है। ‘हर घर नल’ योजना के तहत 16 करोड़ घरों में जल पहुंचाया गया है, लगभग 9 करोड़ लाभार्थियों का पोषण ट्रैक किया जा रहा है और 19 हजार से ज्यादा जन औषधि केंद्र खोले गए हैं।

प्रभारी मंत्री ने नारी शक्ति और किसान कल्याण के क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पीएम जनधन योजना के तहत 32 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खाते खुले हैं। ग्रामीण भारत में 3 करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनी हैं और 2030 तक 3 करोड़ और महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है। 40 लाख करोड़ रुपये के गारंटी-फ्री मुद्रा लोन में 75 प्रतिशत लाभार्थी महिलाएं हैं। इसके अलावा 3 करोड़ से अधिक महिला नेतृत्व वाले एमएसएमई देश की प्रगति में योगदान दे रहे हैं। किसानों के बैंक खातों में 4.3 लाख करोड़ रुपये की सम्मान राशि बिना किसी लीकेज के ट्रांसफर की गई है। किसानों को लागत का कम से कम डेढ़ गुना एमएसपी की पक्की गारंटी सुनिश्चित की गई है। करीब 2 करोड़ किसान और 3 लाख व्यापारी ई-नाम पोर्टल पर पंजीकृत हुए हैं।

ऊर्जा राज्‍यमंत्री ने कहा कि 9 करोड़ से अधिक यात्रियों ने आधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस का सफर किया है। 26 शहरों में 1155 किमी का मेट्रो नेटवर्क, 164 ऑपरेशनल एयरपोर्ट, दुनिया का सबसे ऊंचा चिनाब रेलवे ब्रिज और समुद्र पर बना अटल सेतु नए भारत की तेज रफ्तार के प्रतीक हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क का 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक विस्तार हुआ है। उन्‍होंने रोजगार और इनोवेशन क्षेत्र में हुए कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि 2.2 लाख स्टार्टअप्स पंजीकृत हुए हैं, जिन्होंने 23 लाख से ज्यादा रोजगार दिए हैं। 10 हजार से अधिक अटल टिंकरिंग लैब्स 1.1 करोड़ छात्रों को ट्रेनिंग दे रहे हैं और देश में 12 नए सेमीकंडक्टर प्लांट्स तेजी से आकार ले रहे हैं। अंतरिक्ष क्षेत्र में भी 300 से ज्यादा स्टार्टअप्स शुरू हुए हैं।

ऊर्जा राज्‍यमंत्री ने कहा कि दुनिया का 56 प्रतिशत डिजिटल लेनदेन अकेले भारत में हो रहे हैं। डीबीटी के जरिए 51 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे गए हैं। पीएम सूर्यघर योजना से 37 लाख घरों को 78 हजार रुपये तक की सोलर सब्सिडी मिली है। अयोध्या में 5 सदियों के लंबे इंतजार के बाद नव्य-भव्य-दिव्य राम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण हुआ है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि 5 करोड़ आदिवासियों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए 79 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ शुरू किया गया है। पीएमएवाई के तहत आवंटित पक्के घरों में से 44.19 प्रतिशत घर एससी/एसटी समुदाय को दिए गए हैं। श्री नागर ने कहा कि 1045 खेलो इंडिया सेंटर्स युवाओं को नई दिशा दे रहे हैं। नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में आज भारत पूरी दुनिया में तीसरे स्थान पर है और ऑपरेशन सद्भाव, ऑपरेशन ब्रह्म, ऑपरेशन सागरबन्धु से लेकर वैक्सीन मैत्री तक, भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को दुनिया का सबसे भरोसेमंद साथी साबित किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.