Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह मंगलवार को- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की रहेगी गरिमामय उपस्थिति

शिक्षा, सामाजिक सेवा, महिला कल्याण, न्याय के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले और मेधावी छात्र पुरस्कृत और होंगे सम्मानित

जयपुर, (13 अप्रेल 2026)। राज्य सरकार द्वारा भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन परिसर में प्रातः 10.30 बजे राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कैबिनेट के मंत्रीगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधिगण तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं की प्रतिनिधिगण और आमजन उपस्थित रहेंगे।

गहलोत ने बताया कि बाबा साहब की जन्म जयंती को (12 से 14 अप्रेल) प्रदेश भर में जिला व उपखंड स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। इसी कड़ी में भवानी निकेतन परिसर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पेंशन एवं पालनहार योजना के लाभार्थियों को 1363 करोड रुपए की राशि का हस्तांतरण किया जाएगा। 29 करोड की लागत से निर्मित 10 नवीन छात्रावासों का लोकार्पण व 47 करोड़ की लागत से निर्मित 17 नवीन छात्रावासों का शिलान्यास भी किया जाएगा।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने बताया कि बाबा साहब की जन्म जयंती के मौके पर सामाजिक न्याय संकुल परिषद जामडोली में पुस्तकालय का डिजिटल उद्घाटन के साथ विभागीय योजनाओं में लाभार्थियों को डीबीटी के जरिए राशि हस्तांतरण भी की जाएगी। कार्यक्रम में समाधान साथी एआई व्हाट्सएप चैटबॉट का भी शुभारंभ किया जाएगा। जिसके जरिए नागरिकों को छात्रवृत्ति और पेंशन योजनाओं की जानकारी एक क्लिक पर मिल सकेगी। इस दौरान डॉ बीआर अंबेडकर अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान पुणे के साथ एमओयू भी किया जाएगा

गहलोत ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति के उत्थान और उत्कृष्ट सामाजिक सेवा एवं योगदान के लिए अंबेडकर सामाजिक सेवा पुरस्कार, अनुसूचित जाति एवं जनजाति की महिलाओं की सशक्तिकरण के लिए अंबेडकर महिला कल्याण पुरस्कार, अनुसूचित जाति जनजाति के लोगों को न्याय दिलाने के लिए निशुल्क या न्यूनतम शुल्क पर प्रभावी कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए अंबेडकर न्याय पुरस्कार व अनुसूचित जनजाति जाति वर्ग के कक्षा दसवीं और 12वीं में प्रथम स्थान आने वाले मेधावी विद्यार्थियों को अंबेडकर शिक्षा पुरस्कार दिया जाएगा।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के मेधावी विद्यार्थियों और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के लाभार्थियों को भी राशि वितरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि दिव्यांगों को इस अवसर पर कृत्रिम और सहायक अंग उपकरणों का भी वितरण किया जाएगा। साथ ही डॉ अंबेडकर की जीवनी पर दुर्लभतम फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

गहलोत ने आमजन से भावपूर्ण अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर हम सभी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके विचारों, संघर्षों और आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.