Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह आज

विज्ञान एवं नवाचार आधारित तकनीकों की प्रदर्शनी रहेगी आकर्षण का केंद्र

जयपुर, (11 मई 2026)। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस-2026 के अवसर पर सोमवार को बी.एम. बिड़ला ऑडिटोरियम, जयपुर में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह में कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल तथा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संजय शर्मा सहित विभिन्न गणमान्य अतिथि भी शामिल होंगे।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की शासन सचिव डॉ. आरुषि मलिक ने बताया कि समारोह का उद्देश्य विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों, नवप्रवर्तकों एवं शोधकर्ताओं को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में राज्यभर से लगभग 1200 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है, जिनमें विद्यार्थी, नवप्रवर्तक, शिक्षण संस्थानों, अनुसंधान संस्थानों एवं स्टार्टअप प्रतिनिधि शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि समारोह के अंतर्गत विज्ञान एवं नवाचार आधारित प्रदर्शनी, कार्यशील वैज्ञानिक एवं तकनीकी मॉडल प्रतियोगिता, विज्ञान क्लबों एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद, नवप्रवर्तकों का सम्मान तथा विभिन्न तकनीकी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय नवाचार प्रतिष्ठान (NIF) एवं राजस्थान राज्य नवाचार परिषद (SIC) से जुड़े नवप्रवर्तकों को भी सम्मानित किया जाएगा।

डॉ. मलिक ने बताया कि कार्यक्रम में कृषि, जल संरक्षण, स्वास्थ्य, ग्रामीण आजीविका एवं स्मार्ट तकनीकों से जुड़ी 26 नवाचार आधारित तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इनमें स्मार्ट एग्रीकल्चर सिस्टम, बोरवेल रेस्क्यू रोबोट, ए.आई. आधारित स्मार्ट मेडिकल बेड, वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, बायोमास गैसिफायर, एग्रोबोट तथा विभिन्न उन्नत कृषि तकनीकें एवं उत्पाद शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन राज्य में नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने, युवाओं में वैज्ञानिक सोच एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा जमीनी स्तर के नवाचारों को मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.