Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

संपत्त चुड़ैलावाला की पार्थिव देह पंचतत्व में विलिन

झुंझुनू (14 फरवरी 2025)। अग्रवाल समाज के अध्यक्ष वरिष्ठ समाजसेवी संपत्त चुड़ैलावाला का 13 फरवरी 2025 गुरुवार प्रातः लगभग 8.30 बजे वृंदावन से अयोध्या जाते समय आकस्मिक निधन हो गया। उनकी अंतिम यात्रा महाराजा अग्रसेन मार्ग अग्रसेन भवन के समीप ढेढिया कॉलोनी स्थित उनके निज निवास से 14 फरवरी शुक्रवार प्रातः 11:00 बजे श्री राणी सती जी मंदिर के पीछे स्थित मोक्षधाम के लिए बड़ी संख्या में उपस्थित परिवारजन, रिश्तेदार, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्यों सहित अन्य गणमान्य जन की उपस्थिति में गमगीन माहौल में निकाली गयी।

अंतिम यात्रा से पूर्व अग्रवाल समाज झुंझुनू, श्री गोपाल गौशाला, श्री गल्ला व्यापार संघ, लघु उद्योग भारती, सुनील पाटोदिया वेलफेयर फाउंडेशन, झुंझुनू प्रगति संघ झुंझुनूं, महाराजा अग्रसेन शिक्षा एवं कल्याण ट्रस्ट, जिला अग्रवाल सम्मेलन एवं श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य शिवचरण हलवाई, अनिल केजडीवाल, प्रमोद खंडेलिया, नेमी अग्रवाल, आनंद टीबडा, विपिन राणासरिया, रोहिताश्व बंसल, प्रदीप पाटोदिया, डॉक्टर दिलीप मोदी, श्रवण केजडीवाल, ताराचंद गुप्ता भौडकीवाला, डॉक्टर डीएन तुलस्यान एवं सीए पवन केडिया आदि ने चुडैलावाला की पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मोक्ष धाम में उनकी पार्थिव देह को मुखाग्नि उनके सुपुत्र आशीष एवं अंकित चुड़ैलावाला ने दी।

वे अपने पीछे संतरा देवी माताजी, शकुंतला देवी धर्मपत्नी, भगवती प्रसाद, आनंदीलाल, पवन कुमार भ्राता, आशीष एवं अंकित चुडैलावाला सुपुत्र, बहन, बहनोई, बेटी, बेटी जवांई, सुपौत्र एवं सुपौत्रियों सहित भरा पूरा परिवार छोड़कर गए हैं।

श्री गल्ला व्यापार संघ पूर्व अध्यक्ष संपत्त चुड़ैलावाला के शोक में 14 फरवरी शुक्रवार सुबह से ही छावनी बाजार के समस्त व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान दोपहर तक बंद रखकर उन्हें मौन श्रद्धांजलि अर्पित की।

अंतिम यात्रा में शामिल हुए इस्कॉन झुंझुनूं निर्माणाधीन मंदिर श्री राधा मदन गोपाल गौर हरि मंदिर के प्रबंधक हरि भक्त डॉक्टर नवीन कांति दास ने कहा कि चुड़ैलावाला एक पुण्यात्मा थी, उनका वृंदावन धाम में ठाकुर जी का दर्शन करना, वहीं पर रात्रि विश्राम के पश्चात ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करके अयोध्या जाते वक्त भगवान का हरि भजन करते हुए आकस्मिक निधन होना यह मानो की वे सीधे भगवान के गोलोक धाम गए हैं। उन्होंने कहा ऐसी मोक्ष संत महात्माओं को भी नसीब नहीं होती जो चुड़ैलावाला को मिली है।

धार्मिक यात्रा पर चुडैलावाला के सहयात्री प्रमोद खंडेलिया, नेमी अग्रवाल, कमल केजडीवाल, संजय राणासरिया आदि ने बताया कि जब से झुंझुनू से बस रवाना हुई और अंतिम समय तक वे इतने अधिक खुश थे, प्रस्सन थे, सबसे बोलते बतियाते, हंसी मजाक करते हुए भगवान का भजन कर रहे थे की हमें यकीन ही नहीं हुआ कि वह चले गए हैं।

मोक्ष धाम में उपस्थित सभी जन आपस में चर्चा करते हुए नजर आए की कैसे एक स्वस्थ व्यक्ति एक मिनट में चला जाता है, फिर भी हम हैं कि आपस में छोटी-छोटी बातों पर गलतफहमियां पाल लेते हैं, पैसे के लिए एवं अपने अहंकार को संतुष्ट करने के लिए आपसी विवाद में फसं जाते हैं जबकि व्यक्ति का एक मिनट का भी भरोसा नहीं है।

विदित है कि चुड़ैलावाला पिछले काफी वर्षों से अग्रवाल समाज झुंझुनू के विभिन्न पदों पर रहने के साथ ही एक दबंग अध्यक्ष के रूप में ईमानदारी के साथ सबको साथ लेकर चलने की विचारधारा से ओतप्रोत अग्रवाल समाज के विकास से संबंधित कार्यों में हमेशा जिनका चिंतन, मनन और कार्यों को लेकर क्रियान्वयन रहा ऐसे महान व्यक्तित्व का अचानक शून्य में चले जाना, प्रभु की शरण में चले जाना, अग्रवाल समाज झुंझुनू के लिए एक बड़ी शून्यता है, जिसे भर पाना संभव नहीं, आपका व्यक्तित्व, कार्य शैली, और समाज के प्रति समर्पण हमेशा वर्षों तक याद किया जाएगा।

चुड़ैलावाला अग्रवाल समाज के वर्तमान में 4 वर्षों से अध्यक्ष एवं पूर्व में भी 2 वर्ष अध्यक्ष रहे, मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष रहते हुए मंच को सदैव सक्रियता प्रदान कर ऊंचाइयों पर ले गए, श्री गल्ला व्यापार संघ के वर्षों तक अध्यक्ष रह कर व्यापारियों के हितों के लिए हमेशा संघर्षशील रहे, महावीर इंटरनेशनल एवं जेसी क्लब के संस्थापक सदस्य रहे, झुंझुनू पुलिस प्रशासन में सीएलजी सदस्य रहे, श्री गोपाल गौशाला, महाराजा अग्रसेन शिक्षा एवं जन कल्याण ट्रस्ट, जिला अग्रवाल सम्मेलन, झुंझुनू प्रगति संघ झुंझुनू, आदर्श बाल निकेतन स्कूल एलुमनी, सेठ मोतीलाल कॉलेज एलुमनी एवं श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.