Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

घोषणाओं को धरातल पर लाना प्राथमिकता: प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत

बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की

झुंझुनूं (23 फरवरी 2025)। सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग तथा जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने बजट घोषणाओं के समयबद्ध एवं बेहतर क्रियान्वयन के लिए त्वरित गति व गुणवत्ता से दायित्व निभाने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप बजट घोषणाओं को समय पर पूर्ण करें । इस वर्ष की बजट घोषणाओं के अनुसार आवश्यकता के अनुरूप भूमि चिह्निकरण एवं आवंटन से जुड़ी गतिविधियों को 31 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्ष 2024-25 की बजट घोषणाओं को निर्धारित समयावधि में मूर्त रूप प्रदान करने के लिए गंभीरता से काम करें।

यमुना के जल के लिए टास्क फॉर्स का गठन:

इस दौरान प्रभारी मंत्री ने आगामी गर्मियों को देखते हुए पेयजल की समस्या को चुनौती मानकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले को जल्द ही यमुना का पानी मिलेगा, इसके लिए प्रदेश में टास्क फोर्स का गठन कर दिया गया है, वहीं हरियाणा सरकार भी जल्द टास्क फोर्स का गठन करेगी। तीर्थराज लोहार्गल में 24 कोसी परिक्रमा मार्ग पर साफ सफाई के मुद्दे को लेकर उन्होंने प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए । रेल ओवर ब्रिज के बारे में भी उन्होंने प्रगति की जानकारी ली, जिस पर पीडब्ल्यूडी एसई महेंद्र झाझड़िया ने बताया कि इसमें रेलवे ने 50 फीसदी अंशदान पर सहमति दी। बैठक में झुंझुनू विधायक राजेंद्र भांबू, बनवारी लाल सैनी, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

प्रभारी सचिव डॉ समित शर्मा ने कहा- समयबद्धता का रखें विशेष ध्यान

जिले के प्रभारी सचिव डॉ समित शर्मा ने जिले में 2025-26 की बजट घोषणाओं से संबंधित विभिन्न मुद्दों और इनमें शामिल कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि हर कार्य में समयबद्धता, गुणवत्ता और उपयोगिता पर विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। इसके लिए बजट घोषणाओं के कार्यों को रफ्तार देने की जरूरत है। उन्होंने वर्ष 2024-25 की बजट घोषणाओं से संबंधित कार्यों के बारे में जानकारी लेते हुए इन्हें बेहतर ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से अब तक की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन को प्राथमिकता से लिया है और इस पर प्रदेश स्तर से भी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

कलक्टर रामावतार मीणा ने मुख्यमंत्री की बजट घोषणाओं के अन्तर्गत जिले से संबंधित विभिन्न कार्यों, भूमि आवंटन की स्थिति और प्रगति की जानकारी दी। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत सिंह ने बजट घोषणाओं की प्रगति की प्रेजेंटेशन दी।

जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने अधिकारियों के साथ सुना ‘मन की बात’ का 119वां एपिसोड:

प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 119वें एपिसोड को सुना। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने विभिन्न सामाजिक विषयों, नवाचारों और देश के विकास में आमजन के योगदान पर चर्चा की। पीएम मोदी ने महिलाओं का सम्मान करने व मातृशक्ति को नमन की बात कही । इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोटापे पर नियंत्रण के लिए खाद्य तेल का उपयोग में 10 फीसदी की कमी करने कि बात कही। प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम न केवल प्रेरणा देने वाला है, बल्कि इससे प्रशासनिक कार्यों में नवाचार और जनहित की योजनाओं को बेहतर ढंग से क्रियान्वित करने की दिशा में मार्गदर्शन भी मिलता है। इस अवसर पर मंत्री गहलोत ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रधानमंत्री द्वारा बताए गए सकारात्मक पहलुओं को अपने कार्य क्षेत्र में लागू करें ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.