Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
झुंझुनूं ,(15 मई 2026)। सीएमएचओ डॉ छोटेलाल गुर्जर ने शुक्रवार को सीएचसी बिसाऊ का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई व्यवस्था एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में हीट वेव से बचाव हेतु की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मरीजों एवं उनके परिजनों को राहत पहुंचाने के लिए पर्याप्त पेयजल, कूलर, पंखे, छायादार बैठने की व्यवस्था तथा ओआरएस कॉर्नर को नियमित रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए हीट स्ट्रोक से बचाव के प्रति आमजन को जागरूक करना भी आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने अस्पताल परिसर, वार्ड, लेबर रूम, ओपीडी एवं शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर में नियमित सफाई, बायो मेडिकल वेस्ट का सही निस्तारण तथा मरीजों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए।
सीएमएचओ डॉ गुर्जर ने संस्थागत प्रसव को बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान एवं नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि अधिक से अधिक प्रसव संस्थागत स्तर पर करवाकर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के प्रयास किए जाएं।
उन्होंने किशोरियों में एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने पर भी चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना (मा योजना) की भी समीक्षा की गई। सीएमएचओ ने योजना के अंतर्गत पैकेज बुकिंग की स्थिति, क्लेम प्रोसेस एवं रिजेक्शन मामलों की जानकारी लेते हुए अनावश्यक रिजेक्शन कम करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को दस्तावेजों की गुणवत्ता सुधारने, समय पर ऑनलाइन एंट्री करने एवं मरीजों को योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए गंभीरता से कार्य करने को कहा।
इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी एवं अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा।