Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
कृषि विभाग में भर्ती प्रक्रिया को मिली रफ्तार: 600 अभ्यर्थियों की पात्रता जांच एवं दस्तावेज सत्यापन 20 से 23 जुलाई तक
जयपुर, (16 जुलाई 2026)। राजस्थान कृषि विभाग विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। विभाग द्वारा 20 जुलाई से 23 जुलाई, 2026 तक राज्य कृषि प्रबंध संस्थान (SIAM), दुर्गापुरा, जयपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में सहायक कृषि अधिकारी, सांख्यिकी अधिकारी, कृषि अनुसंधान अधिकारी एवं सहायक कृषि अनुसंधान अधिकारी पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों की पात्रता जांच एवं मूल दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सहायक कृषि अधिकारी के 370, सांख्यिकी अधिकारी के 59, कृषि अनुसंधान अधिकारी के 73 तथा सहायक कृषि अनुसंधान अधिकारी के 98 अभ्यर्थियों सहित कुल 600 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
विभाग के अनुसार पात्रता जांच के दौरान अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आरक्षण संबंधी दस्तावेज, अनुभव प्रमाण-पत्र (जहां लागू हो) तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों का नियमानुसार गहन परीक्षण किया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत भर्ती की आगामी कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुसार संपादित की जाएगी।
इस संबंध में विस्तृत कार्यक्रम, अभ्यर्थियों की सूची एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://agriculture.rajasthan.gov.in पर अपलोड कर दी गई है। विभाग ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी मूल दस्तावेजों तथा उनकी स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ निर्धारित स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों, ताकि दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया सुचारु एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जा सके।