Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
झुंझुनू,(16 मई 2026) । राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शनिवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेंगू रोकथाम एवं जनजागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में एएनएमटीसी की नर्सिंग प्रशिक्षु छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर आमजन को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया।
रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ छोटेलाल गुर्जर ने सीएमएचओ कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली सीएमएचओ ऑफिस से प्रारंभ होकर जेपी जानू स्कूल तक पहुंची, जहां छात्राओं ने नारों एवं संदेशों के माध्यम से लोगों को डेंगू के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।
रैली के दौरान प्रशिक्षु छात्राओं ने “साफ-सफाई अपनाएं, डेंगू भगाएं”, “घर में पानी जमा न होने दें” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। छात्राओं ने आमजन को बताया कि कूलर, गमले, टायर एवं अन्य पात्रों में जमा पानी डेंगू मच्छर के पनपने का मुख्य कारण बनता है, इसलिए नियमित सफाई एवं पानी की निकासी बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ छोटेलाल गुर्जर ने कहा कि डेंगू जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपने घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएमएचओ डॉ भंवर लाल सर्वा, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ कुलदीप फौजदार, एएनएमटीसी प्रिंसिपल संतोष सेनी, डाटा मैनेजर राजेश कसवा सहित विभागीय अधिकारी, कार्मिक एवं छात्राएं उपस्थित रहे।