Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर, (15 जून 2026)। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, कालाबाजारी एवं अवैध रिफिलिंग की रोकथाम के लिए जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी प्रथम जयपुर प्रियव्रत सिंह चारण के नेतृत्व में जयपुर शहर में चार सतर्कता दलों द्वारा विभिन्न स्थानों पर संयुक्त कार्रवाई की गई।
जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण ने बताया कि सतर्कता दल “ए” ने पुलिस थाना खोनागोरियान के सहयोग से मच की पीपली, गोनेर रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध भंडारण एवं क्रय-विक्रय की पुष्टि होने पर 19 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। वहीं इंदिरा गांधी नगर, खातीपुरा क्षेत्र में अवैध रिफिलिंग पाए जाने पर 8 घरेलू गैस सिलेंडर, 2 इलेक्ट्रॉनिक मोटर एवं 2 इलेक्ट्रॉनिक कांटे जब्त किए गए। इस मामले में एक व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि सतर्कता दल “बी” ने गोनेर रोड स्थित बजरंग विहार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 10 घरेलू गैस सिलेंडर, 2 इलेक्ट्रॉनिक मोटर, 2 इलेक्ट्रॉनिक कांटे तथा अवैध रिफिलिंग में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए। इसके अतिरिक्त प्लाट 12 ए बजरंग विहार गोनेर रोड से 17 घरेलू गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक मोटर, एक रेगुलेटर सहित नोजल एवं दो अवैध रिफिलिंग उपकरण जब्त किए गए। इस कार्रवाई में दो व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया।
सतर्कता दल “सी” द्वारा दुकान संख्या 53 राजीव नगर, गोनेर रोड स्थित एक दुकान पर कार्रवाई के दौरान अवैध रिफिलिंग की पुष्टि होने पर 19 घरेलू गैस सिलेंडर एवं 2 इलेक्ट्रॉनिक मोटर जब्त की गईं। इस प्रकरण में एक व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार सतर्कता दल “डी” ने ज्योति गैस होम सर्विस, गोनेर रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 5 घरेलू गैस सिलेंडर तथा एक रेगुलेटर सहित नोजल जब्त किया। इस मामले में भी एक व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि समस्त कार्रवाई के दौरान कुल 78 गैस सिलेंडर, 7 इलेक्ट्रॉनिक मोटर, 4 इलेक्ट्रॉनिक कांटे, 2 रेगुलेटर सहित पाइप तथा 2 अवैध रिफिलिंग उपकरण जब्त किए गए। प्रकरणों में संलिप्त कुल 5 व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि जयपुर शहर में अवैध रिफिलिंग, भंडारण एवं कालाबाजारी के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा संचालित “ऑपरेशन प्रवर्तन” अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गैस रिफिलिंग, भंडारण अथवा कालाबाजारी की सूचना विभाग को तत्काल दें, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।