Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर,(23 सितम्बर 2023)। प्रदेश सरकार राज्य में वंचित वर्गों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर में महात्मा गांधी दिव्यांग विश्वविद्यालय के निर्माण हेतु 25 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री के इस निर्णय से प्रदेश के दिव्यांग विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सामाजिक उत्थान का मार्ग प्रशस्त होगा। विश्वविद्यालय में शिक्षा प्राप्त कर वे अपने उज्जवल भविष्य का निर्माण कर सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि गहलोत ने वर्ष 2023 के बजट में बाबा आम्टे दिव्यांग विश्वविद्यालय की तर्ज पर जोधपुर में महात्मा गांधी दिव्यांग विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा की थी। उक्त घोषणा की क्रियान्विति में यह स्वीकृति दी गई है।