Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत मंडावरा में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
प्रभारी सचिव नवीन जैन एवं जिला कलेक्टर डॉ अरुण गर्ग रहे उपस्थित
झुंझुनूं,( 4 जून 2026)। जिले में संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के तहत गुरुवार को उदयपुरवाटी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मंडावरा में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव डॉ. नवीन जैन ने की।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, मुख्य वन संरक्षक सी.आर. मीणा, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, अभियान के जिला समन्वयक विशंभर पूनिया, जिला संयोजक राकेश शर्मा, पुरुषोत्तम खाजपुरिया, वीरपाल सिंह शेखावत, अजय भालोटिया, अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। इसके बाद अतिथियों ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी सचिव ने उपस्थित जनसमूह को जल बचाने की शपथदिलवाई। वाटरशैड एसई मनोज गौड़ ने बताया कि इस दौरान अतिथियों ने जल संरक्षण के लिए निर्मित की जा रही एनिकट संरचना के कार्य का अवलोकन भी किया।
प्रभारी सचिव डॉ. नवीन जैन ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस महत्वपूर्ण अभियान में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण के लिए पेड़ लगाना और उनकी देखभाल करना हम सभी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। जल संग्रहण और भूजल का पुनर्भरण (रिचार्ज) दोनों ही समान रूप से आवश्यक हैं।
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि प्रकृति हमें ऑक्सीजन, सूर्य का प्रकाश और पानी जैसी अमूल्य सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराती है। इसलिए हमारा भी दायित्व है कि हम प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करें। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी अभियान नहीं है, बल्कि इसे जन-जन का अभियान बनाकर जल संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरण करना होगा।
पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण के लिए अभूतपूर्व प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या मातृशक्ति के लिए सबसे बड़ी समस्या है और संरक्षण के लिए वे ही सबसे महत्वपूर्ण कड़ी साबित होंगी।
उन्होंने कहा कि बहते पानी को रुकना सिखाओ, चलते पानी को रेंगना सिखाओ, रेंगते पानी को ठहराना सिखाओ, जब जल ठहरेगा तभी भूमि में जाएगा और जल का स्तर पड़ेगा।
इस दौरान जिला परिषद सीईओ पुरुषोत्तम धानका, एसीईओ रामनिवास चौधरी, उदयपुरवाटी एसडीएम सुमन सोनल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा, पीएचईडी एसई राजपाल सिंह, एवीवीएनएल एसई महेश टीबड़ा, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक देवेंद्र चौधरी, एसीएफ हरेंद्र भाखर, जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह, जिला उद्योग केन्द्र महाप्रबंधक अभिषेक चोबदार समेत विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।