Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

जल जीवन मिशन के अंतर्गत चयनित गांवों में संयुक्त निरीक्षण के अंतर्गत 23 जल योजनाओं का किया निरीक्षण ग्रामीण पेयजल सेवाओं को और प्रभावी बनाने की पहल, निरीक्षण के आधार पर बनेगा डिस्ट्रिक्ट इम्प्रूवमेंट प्लान

जयपुर, (04 जून 2026)। जिला कलक्टर जयपुर संदेश नायक के निर्देशानुसार जिले में निर्धारित मानकों के आधार पर चयनित ग्रामों में जिला प्रशासन, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी), माननीय सांसद एवं माननीय विधायक तथा उनके द्वारा नामित प्रतिनिधियों के संयुक्त दल द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों का गहन निरीक्षण किया जा रहा है।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान पेयजल योजनाओं की प्रगति, घरेलू नल कनेक्शनों की स्थिति, जलापूर्ति की गुणवत्ता एवं नियमितता तथा आमजन को प्राप्त हो रहे लाभों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण दल द्वारा ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं की जानकारी भी प्राप्त की गई।
जिला कलक्टर ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के झोटवाड़ा, जोबनेर, आमेर, गोविंदगढ़, सांभर, किशनगढ़-रेनवाल, फागी, सांगानेर, चाकसू, बस्सी, जालसू, आंधी, जमवारामगढ़, मौजमाबाद, दूदू, कोटखावदा, तुंगा, माधोराजपुरा एवं शाहपुरा ब्लॉकों की कुल 40 जल योजनाओं का निरीक्षण किया जाना प्रस्तावित है। इनमें से 03 जून 2026 तक कुल 23 जल योजनाओं का निरीक्षण पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष 17 योजनाओं का निरीक्षण आगामी दिनों में किया जाएगा।
संयुक्त निरीक्षण दल ने विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। जहां आवश्यक पाया गया, वहां सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण के दौरान प्राप्त सुझावों तथा फील्ड स्तर पर चिन्हित कमियों के आधार पर एक डिस्ट्रिक्ट इम्प्रूवमेंट प्लान तैयार किया जाएगा, जिससे जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रदत्त सेवाओं को और अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं जनहितकारी बनाया जा सके।
जिला कलक्टर ने बताया कि इस प्रकार के निरीक्षण एवं समीक्षा अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे तथा प्राप्त सुझावों एवं चिन्हित कमियों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा जल जीवन मिशन के उद्देश्यों की प्रभावी प्राप्ति के लिए सतत मॉनिटरिंग एवं नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.