Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

जयपुर जिला कलक्टर ने की जनसुनवाई जिला स्तरीय जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं का हुआ समाधान

संबंधित अधिकारियों को परिवेदनाओं के समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के दिये निर्देश

जयपुर, (16 अप्रेल 2026)। जयपुर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई कार्यक्रम में जिला कलक्ट सन्देश नायक ने राजस्व प्रकरणों से जुड़े परिवादों सहित 84 फरियादियों के परिवाद सुने, जिनमें से 10 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। अन्य प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए कलक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इस मौके पर हवामहल विधायक बालमुकुन्दाचार्य, सिविल लाइन्स विधायक गोपाल शर्मा, किशनपोल विधायक अमीन कागजी, चौमू विधायक. शिखा मील बराला, जिला प्रमुख रमा देवी चौपड़ा भी मौजूद थीं।

जिला स्तरीय जनसुनवाई में कुल 84 प्रकरण प्राप्त हुए जिनमें प्रमुख रूप से अतिक्रमण हटवाने, पेंशन शुरू करवाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलवाने, पेयजल की सप्लाई सुचारू कराने, पत्थरगढ़ी, कृषि भूमि में आवागमन हेतु रास्ता खुलवाने, वृद्धावस्था पेंशन, सड़क, आवासीय पट्टा बनवाने, नामांतरण जमीन विवाद सहित विभिन्न विषयों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई। जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों का जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आमजन के प्रति जवाबदेही के साथ समस्याओं का निस्तारण करते हुए राहत देने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील रहते हुए प्रकरणों का तथ्यों के आधार पर निस्तारण कराने के आदेश दिए। उन्होंने आमजन के हितार्थ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों का निस्तारण मौके पर जाकर पीड़ित के समक्ष करने के निर्देश दिये।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आमजन के अभाव अभियोगों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर संवेदनशील हैं। मुख्यमंत्री ने पारदर्शी एवं संवेदनशील वातावरण में आमजन की परिवेदनाओं एवं समस्याओं की सुनवाई एवं त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन को नियमित जनसुनवाई के निर्देश दिये हैं।

जनसुनवाई में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) विनीता सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर (द्वितीय) आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर (तृतीय) संजय माथुर, सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, विद्युत विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, कृषि विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.