Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
विधानसभा अध्यक्ष ने अजमेर जिले में अपेक्षा सिटी में श्रीराम-जानकी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में लिया भाग
जयपुर, (7 फरवरी 2026)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी शनिवार को अजमेर जिले में चाचियावास स्थित अपेक्षा सिटी में आयोजित श्रीराम-जानकी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में सम्मिलित हुए। उन्होंने विधि-विधान से सम्पन्न हुए पावन धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हुए प्रभु श्रीराम एवं माता जानकी के चरणों में प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण की कामना की।
देवनानी ने कहा कि ऎसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी सनातन परंपरा, आस्था और मूल्यों के संवाहक हैं तथा समाज में नैतिकता, सद्भाव और सेवा भाव को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न अनुष्ठानों का अवलोकन करते हुए श्रद्धालुओं से संवाद भी किया और आयोजन समिति को इस भव्य एवं अनुशासित आयोजन के लिए साधुवाद दिया।
उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का आदर्श जीवन, त्याग, मर्यादा और कर्तव्यबोध का प्रतीक है। इससे प्रेरणा लेकर समाज को सत्य, सेवा और समर्पण के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। यह आयोजन धार्मिक आस्था का प्रतीक होने के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने वाला भी है।
उन्होंने कहा कि देश की सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने तथा राष्ट्रीय गौरव को पुनस्र्थापित करने के उद्देश्य से गुलामी की मानसिकता के प्रतीक रहे स्थानों व संस्थानों के नाम बदले गए हैं।
देवनानी ने कहा कि अजमेर की सांस्कृतिक गरिमा और सनातन परंपराओं को सशक्त करने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। यह शहर अपनी गौरवशाली पहचान के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे सनातन मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित की भावना के साथ जुड़कर एक श्रेष्ठ, सशक्त और समृद्ध अजमेर के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।