Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

पीएम–राष्ट्रीय कृषि विकास योजना की प्रगति की समीक्षा —राजस्थान ने किया 79% बजट व्यय –डॉ. किरोड़ी लाल

जयपुर, (3 जनवरी 2026)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में शनिवार को वीसी के माध्यम से राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, उड़ीसा, सिक्किम, मिजोरम एवं तेलंगाना राज्यों के कृषि मंत्रियों, विभागीय सचिवों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पीएम राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (पीएम-आरकेवीवाई) की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल ने बताया कि पीएम राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत भारत सरकार से प्राप्त 425 करोड़ रुपये के बजट के विरुद्ध अब तक 333 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं, जो कि कुल आवंटन का लगभग 79 प्रतिशत है। इस राशि से प्रदेश के किसानों को योजना के तहत व्यापक लाभ प्रदान किया गया है। शेष बजट राशि को भी शीघ्र ही विभिन्न योजनाओं के माध्यम से व्यय कर किसानों को लाभान्वित किया जाएगा।

डॉ. किरोड़ी लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा पूर्ण पारदर्शिता के साथ कृषक हित में कार्य कर रही है। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय कृषि मंत्री को 18–19 जनवरी को सवाई माधोपुर में आयोजित होने वाले अमरूद महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

उन्होंने बैठक में यह भी अवगत कराया कि वर्ष 2017 के बाद बाजार में सिंचाई संयंत्रों की दरों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसको ध्यान में रखते हुए उन्होंने केंद्र सरकार से प्रचलित इकाई लागत में 20 से 25 प्रतिशत की वृद्धि करने तथा फार्म पॉन्ड (खेत तलाई) के लिए दिए जाने वाले अनुदानों में भी बढ़ोतरी करने का अनुरोध किया।

बैठक में अन्य राज्यों द्वारा भी योजना की प्रगति एवं चुनौतियों पर अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए गए।

बैठक में प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी मंजू राजपाल एवं आयुक्त कृषि चिन्मयी गोपाल सहित कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.