Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

खैरथल-तिजारा जिला प्रभारी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने सड़क सुरक्षा सप्ताह का किया शुभारंभ

जयपुर, (13 दिसंबर 2025)। कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने शनिवार को खैरथल से सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ “नो सीट बेल्ट, नो हेलमेट, नो एंट्री” थीम पर आधारित जागरूकता पोस्टर का विमोचन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित आमजन, वाहन चालकों एवं युवाओं को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई तथा सभी से यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग अपनाने का आह्वान किया।

डॉ. मीणा ने कहा कि सड़क सुरक्षा सप्ताह का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, जनहानि रोकना तथा आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, गति सीमा के पालन, नशे में वाहन नहीं चलाने तथा मोबाइल फोन के उपयोग से बचने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाकर सड़क दृश्यता बढ़ाने का संदेश दिया गया तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत जिले भर में जागरूकता रैलियाँ, विद्यालयों में कार्यक्रम, यातायात नियमों की जानकारी, पंपलेट वितरण एवं प्रचार गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, ताकि सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित हो और दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।

इस दौरान जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.