Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर (12 अगस्त 2025)। अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर, राजस्थान के युवा मामले एवं खेल विभाग के सचिव एवं युवा बोर्ड के अध्यक्ष, डॉ. नीरज के. पवन (आईएएस) ने ‘हमारी पहल – युवा कहें शिक्षा को हाँ, बाल विवाह को ना’ शीर्षक से एक युवा नेतृत्व अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने अभियान का शुभारम्भ करते हुए कहा कि किशोरों और युवाओं की क्षमता एवं नेतृत्व को सशक्त बनाना है, ताकि वे बाल विवाह एवं शुरुआती विवाह जैसी हानिकारक सामाजिक प्रथाओं को समाप्त करने हेतु शिक्षा के अधिकार को सशक्त रूप से जोड़ते हुए प्रभावी पहल कर सकें।उन्होंने शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए बाल विवाह नहीं करने की शपथ दिलवाई।
अभियान के राज्य समन्वयक डॉ ओ पी कुलहरि ने बताया कि यह पहल राजस्थान के 16 ऐसे जिलों में संचालित की जाएगी, जहां बाल विवाह की प्रचलन दर अधिक है। इसके अंतर्गत 650 से अधिक प्रशिक्षित युवा नेताओं का एक दल जिला और समुदाय स्तर पर संवाद और वकालत के माध्यम से परिवर्तन लाने के लिए कार्य करेगा। इस अवसर पर डॉ. पवन ने अभियान का पोस्टर भी लोकार्पित किया। यह कार्यक्रम युवा बोर्ड कार्यालय, एसएमएस स्टेडियम, जयपुर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए युवा नेताओं एवं साझेदार संगठनों के प्रतिनिधियों जैसे शिव शिक्षा समिति टोंक, कल्प जयपुर, एम.जे. एस. अजमेर, विशाखा सलुम्बर, जी. वी. एस. टी. के., टोंक, वाग्धारा, बांसवाडा, नवाचार, चित्तोडगढ, यूनिसेफ, जयपुर एवं आई.पी. ई. ग्लोबल ने भाग लिया। यह अभियान गर्ल्स नॉट ब्राइड्स राजस्थान स्टेट पार्टनरशिप द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसका राज्य सचिवालय कल्प – सेंटर फॉर अनफोल्डिंग लर्निंग पोटेंशियल्स, जयपुर में स्थित है। गर्ल्स नॉट ब्राइड्स 100 से अधिक देशों में कार्यरत 1,400 से अधिक सिविल सोसाइटी संगठनों का वैश्विक गठबंधन है, जो बाल विवाह को समाप्त करने और बालिकाओं को अपनी पूरी क्षमता हासिल करने में सक्षम बनाने के लिए समर्पित है। राजस्थान स्टेट पार्टनरशिप में 35 सिविल सोसाइटी संगठन शामिल हैं, जो राज्यभर में बाल विवाह समाप्त करने और बालिकाओं के अधिकारों को आगे बढ़ाने के लिए कार्यरत हैं।
उपस्थित संस्था प्रतिनिधियों व युवाओं को संबोधित करते हुए डॉ. पवन ने कहा कि “सामाजिक परिवर्तन में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार ऐसे सभी प्रयासों के साथ खड़ी है जो बाल विवाह मुक्त भारत, विकसित राजस्थान और आकांक्षी जिला कार्यक्रम के लक्ष्यों को पूरा करने में योगदान देते हैं।”
गर्ल्स नॉट ब्राइड्स राजस्थान स्टेट पार्टनरशिप के उपाध्यक्ष डॉ. शिवजी राम यादव ने अभियान की रणनीतियों का परिचय दिया और राज्य सरकार से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की, ताकि इस पहल का दायरा और प्रभाव और अधिक बढ़ाया जा सके।