Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
झुंझुनूं प्रगति संस्थान ने विधायक भांबू का जताया आभार, अन्य विषयों पर हुई चर्चा
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. दिलीप मोदी व उपाध्यक्ष प्रदीप पाटोदिया ने की मुलाकात
झुंझुनूं, (29 मार्च 2025)। शहर के चहुंमुखी विकास और झुंझुनूं शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए लगातार प्रयत्नशील झुंझुनूं प्रगति संस्थान ने विधायक राजेंद्र भांबू का आभार जताया है। शनिवार को संस्थान के अध्यक्ष शिक्षाविद् डॉ. दिलीप मोदी तथा उपाध्यक्ष प्रदीप पाटोदिया अग्रसेन सर्किल स्थित विधायक जनसेवा केंद्र पर विधायक भांबू से मिले। कई देर तक हुई बातचीत के दौरान संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मोदी ने झुंझुनूं शहर की ओर से भांबू का इस बात को लेकर आभार जताया कि उनके प्रयासों से पुलिस लाइन के पास प्रस्तावित ओवरब्रिज का कार्य शुरू होने की आस जगी है। वहीं इस बात को लेकर भी आभार जताया कि 13 सालों से अटके हुए नगर परिषद में निर्माणाधीन आडिटोरियम के लिए डीएमएफटी फंड से 12.24 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत करवाई है। इस मौके पर डॉ. मोदी ने विधायक से आग्रह किया कि ओवरब्रिज को लेकर जो स्वीकृति आनी है। उसे जल्द से जल्द जारी करवाकर काम शुरू करवाए। साथ ही आडिटोरियम के निर्माण में भी पहले काफी देर हो चुकी है। जिसकी भी राशि संबंधित कार्यकारी एजेंसी को भिजवाकर इसे समयबद्ध तरीके से और उच्च गुणवत्तापूर्ण कार्य करवाए। भांबू ने डॉ. मोदी को आश्वस्त किया है कि दोनों ही काम इसी वित्तीय वर्ष में शुरू होंगे। जिनकी गुणवत्ता के लिए कोई समझौता नहीं होगा।
शहर में वर्षा जल संरक्षण इकाईयां स्थापित होगी –
चर्चा के दौरान विधायक राजेंद्र भांबू ने लगातार नीचे जा रहे भूजल के स्तर को रोकने के लिए भी चर्चा की। भांबू ने कहा कि झुंझुनूं प्रगति संस्थान इस दिशा में भी कार्य करें और कम से कम शहर में 100 वर्षा जल संग्रहण इकाइयों के निर्माण को प्रथम चरण में हाथ में लें। जिस पर डॉ. मोदी ने कहा कि संस्थान ने पहले से इसे लेकर कार्य शुरू कर दिया है। पांच इकाई प्रदीप पाटोदिया द्वारा तथा पांच इकाई स्वयं डॉ. मोदी द्वारा स्थापित करवाई जाएगी। इसके अलावा भी अन्य भामाशाहों को प्रेरित कर 100 से ज्यादा ही इकाई स्थापित करवाने का लक्ष्य लिया गया है।
इन मांगों को लेकर भी दिया लिखित पत्र –
डॉ. मोदी ने विधायक भांबू को संस्थान की तरफ से तैयार मांग पत्र भी दिया। जिसमें उन्होंने हवाई पट्टी को हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने, झुंझुनूं रेलवे स्टेशन को जंक्शन बनवाने, गांधी पार्क में एक आकर्षक क्लॉक टॉवर स्थापित करवाने, गांधी चौक से हटाए गए रेहड़ी व चाट ठेले वालों के लिए बड़े महानगरों की तर्ज पर सुंदर, आधुनिक व अधिकृत चौपाटी बनाने, मनसा माता मंदिर की तलहटी में स्थित मेड़तनी बावड़ी का एक पिकनिक स्पॉट की तर्ज पर जीर्णोद्धार करवाने, जिले की एकमात्र मेडिकल कॉलेज के लिए पंचदेव चौराहे से मेडिकल कॉलेज तक राज्य सरकार द्वारा मंजूर फोर लेन सड़क के अधूरे पड़े स्वीकृत कार्य को शुरू करवाने की मांग की गई है।