Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
‘नारी चौपाल’ में बिखरे उमंग, उत्साह, और उल्लास के रंग
बुधवार को जालसू में हुआ पहले ’नारी चौपाल’ कार्यक्रम का आयोजन
जयपुर, (24 सितंबर 2025)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार सक्षम जयपुर अभियान एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिले के प्रत्येक उपखंड पर नारी चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशों की पालना में बुधवार को जालसू के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के परिसर में पहले नारी चौपाल कार्यक्रम का आयोजन उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ हुआ।
जिला प्रमुख रमादेवी चौपड़ा के मुख्य आतिथ्य में हुए नारी चौपाल में हजारों महिलाओं एवं बालिकाओं ने सभी गतिविधियों में बढ़—चढ़ कर भाग लिया एवं अपने हुनर का प्रदर्शन किया। मारवाड़ी गीत, लोक नृत्य, नुक्कड़ नाटक, रस्सा—कस्सी प्रतियोगिता, आत्मरक्षा प्रशिक्षण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई। कार्यक्रम में विजेताओं को जिला प्रमुख रमादेवी चोपड़ा एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद प्रतिभा वर्मा ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी मृणाल ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त एवं जागरूक बनाना है। नारी चौपाल में महिलाओं को सरकार की योजनाओं, अधिकारों और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी, साथ ही उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना जाएगा।
महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि नारी चौपाल के माध्यम से समाज में लिंगानुपात सुधार, महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने, तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद किया जाएगा। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं, नियमों और अधिनियमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि समतामूलक समाज का निर्माण हो सके।
नारी चौपाल कार्यक्रमों में महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, शिक्षा, पुलिस, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने महिलाओं के साथ सीधा संवाद कर उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, पोषण, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर जागरूक किया। साथ ही महिलाओं को प्रेरित करने के लिए सफलता की कहानियाँ और अनुभव भी साझा किये। चौपाल स्थल पर योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सहायता काउंटर भी लगाए गए, ताकि महिलाओं को मौके पर ही आवश्यक जानकारी और सहयोग मिल सके।
डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि जयपुर के सभी उपखण्डों में चरणबद्ध रूप से आयोजित किया जाएगा। नारी चौपाल महिलाओं के लिए केवल संवाद का मंच नहीं होगा, बल्कि यह उन्हें आत्मविश्वास, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने का अवसर भी प्रदान करेगा। इससे महिलाओं तक सरकार की योजनाएं अधिक प्रभावी ढंग से पहुँचेंगी और समाज में उनकी भागीदारी और अधिक मजबूत होगी। नारी चौपाल श्रृंखला से जिले की हजारों महिलाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव सिद्ध होगी।