Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

नेत्र चिकित्‍सा सेवा आध्‍यात्मिक साधना – देवनानी

150 वें नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का शुभारम्‍भ किया देवनानी ने

जयपुर, (17 अप्रैल 2026)। राजस्‍थान विधान सभा अध्‍यक्ष वासुदेव देवनानी ने अशोका फाउण्‍डेशन द्वारा यहां नृसिंह मंदिर में आयोजित 150वें नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का दीप प्रज्‍ज्‍वलित कर शुभारम्‍भ किया। स्‍पीकर देवनानी ने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नेत्र चिकित्सा शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद एवं निर्धन वर्ग के लोगों को निःशुल्क जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधा मिलती है, जो एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि नेत्र चिकित्‍सा सेवा आध्‍यात्मिक साधना है। देवनानी ने नृसिंह मंदिर में दर्शन और पूजा कर प्रदेश की खुशहाली एवं समृ‍द्धि की कामना की।

उन्होंने कहा कि समाज में सच्चा और स्थायी परिवर्तन सरकारी नीतियों या योजनाओं से अकेले नहीं आता है बल्कि यह ऐसे निस्वार्थ सेवा-भाव, समर्पण और हर व्यक्ति के भीतर अपने कर्तव्य व मानवता के प्रति जागरूकता का संचार करने के सामूहिक प्रयासों से आता है। जब समाज जागरूक होकर, आगे बढ़कर सेवा का कार्य करता है, तब ही राष्ट्र सशक्त, समृद्ध और संस्कारवान बनता है।

देवनानी ने कहा है कि यह 150वाँ शिविर केवल एक उपलब्धि का उत्सव नहीं है, बल्कि सेवा यात्रा का महत्‍वपूर्ण पडाव है। यह हमें प्रेरित करता है कि सेवा का यह पावन दीपक कभी बुझने न पाए। इसे और अधिक प्रज्‍ज्‍वलित करना है साथ ही अधिक से अधिक लोगों की मदद करनी है।

उन्होंने कहा कि यदि हम गहराई से देखें तो यह नेत्र चिकित्सा सेवा केवल सामाजिक कार्य नहीं बल्कि आध्यात्मिक साधना है। जब किसी की आंखों में प्रकाश लौटता है, तो वह व्यक्ति केवल बाहरी दुनिया को नहीं देखता वह अपने भीतर के अस्तित्व को, अपने जीवन के सार्थक आयामों को और ईश्वर की अनंत कृपा को भी नए सिरे से अनुभव करता है। सेवा और साधना यहां एकाकार हो जाते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए देवनानी ने उनके प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.