Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी हर व्यक्ति के लिए जरूरी : मनोज कुमार मील

विद्यार्थियों ने ली घर-घर तक उपभोक्ता जागरूकता की अलख पहुंचाने की शपथ 

झुंझुनूं, (1अप्रैल 2026)। जे.के. मोदी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, झुंझुनूं में शैक्षणिक सत्र के पहले दिन उपभोक्ता संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शपथ समारोह का बुधवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, स्टाफ एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग झुंझुनूं के अध्यक्ष मनोज कुमार मील उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने की। बतौर विशिष्ट अतिथि शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक अशोक जांगिड़, विद्यालय की प्राचार्य सुलोचना बुडानिया तथा एसडीएमसी सदस्य यूनुस खान मौजूद रहे।

इस अवसर पर आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने कहा कि प्रत्येक उपभोक्ता को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की ठगी, धोखाधड़ी या अनियमितता से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि जिला आयोग द्वारा चलाए जा रहे “कंज्यूमर वॉइस अभियान” के माध्यम से उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, शिकायत निवारण प्रक्रिया तथा डिजिटल लेन-देन में सावधानी के प्रति जागरूक किया जा रहा है, जिससे आमजन अधिक सतर्क और सशक्त बन रहे हैं। इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों को उपभोक्ता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य है इसलिए उन पर बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सशक्त और मजबूत उपभोक्ता के रूप में दायित्वों परिचय देते हुए विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकार की आवाज घर घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम से संबंधित विषयों पर आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार मील से संवाद किया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रशासन द्वारा इस प्रकार के जागरूकता आयोजनों की सराहना की गई। अंत में सभी ने उपभोक्ता हितों की रक्षा करने एवं सतर्क रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन सुनीता कुमारी ने किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.