Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर, (12 फरवरी 2025)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आम जन को बेहतर सुलभ स्वास्थ्य उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में प्रदेश में लगातार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं बेहतर बनाया जा रहा है। इससे राजकीय अस्पतालों में आमजन को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुलभ हो रही हैं।
हाल ही ब्यावर जिले के राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय में गत 10 जनवरी को एक प्रसूता ने चार नवजात को जन्म दिया। प्रसव समय से लगभग एक माह पूर्व जन्मे इन नवजात का वजन स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप कम था। जन्म के समय नवजात शिशुओं का वजन क्रमश: 1.5, 1.3, 1.2 तथा 1.7 किलोग्राम था। कम वजन के कारण इनका जीवन खतरे में थे। इसे देखते हुए डॉ. विद्या सक्सेना और उनकी टीम द्वारा सफल प्रसव के बाद कम वजन के चारों नवजात को स्पेशल न्यूबोर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) इंचार्ज डॉ. एम.एस.चंदावत की विशेष देखरेख में उपचार के लिए भर्ती किया गया।
परियोजना निदेशक, बाल स्वास्थ्य डॉ. प्रदीप चौधरी ने बताया कि प्रारंभ में नवजात शिशुओं को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया और चिकित्सालय के लैकटेशनल मैनेंजमेंट सेंटर (सीएलएमसी) से निरंतर दुग्धपान करवाया गया। कुछ दिन बाद शिशुओं ने सामान्य रूप से सांस लेना प्रारंभ किया और उनके वजन में भी सुधार दर्ज किया जाने लगा। पहले और चौथे शिशु ने जन्म से 3 दिन बाद, दूसरे शिशु ने 5 दिन बाद और तीसरे शिशु ने 6 दिन बाद सामान्य स्तनपान शुरू कर दिया। चारों नवजात में निरंतर स्वास्थ्य सुधार होता रहा।
एक महीने की सघन देखभाल व उपचार के बाद चारों बच्चों को 10 फरवरी को चिकित्सालय से डिस्चार्ज कर दिया गया। अब चारों बच्चे व मां स्वस्थ हैं।