Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
5 व 6 अप्रैल को आयोजित होगी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा
दो दिवसीय परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 46 केंद्रों पर 60,584 अभ्यर्थी होंगे शामिल
झुंझुनूं, (4 अप्रैल 2026)। राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा 5 एवं 6 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर जिले में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एडीएम अजय कुमार आर्य ने बताया कि परीक्षा का आयोजन दो पारियों में होगा, जिसमें सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सामान्य हिन्दी तथा दोपहर 3 बजे से सायं 5 बजे तक सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान का प्रश्न पत्र आयोजित किया जाएगा।
जिले में कुल 60,584 परीक्षार्थियों के लिए 46 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें झुंझुनूं में 17 केंद्रों पर 21,512, चिड़ावा में 12 केंद्रों पर 17,376, नवलगढ़ में 12 केंद्रों पर 16,416 तथा बगड़ में 5 केंद्रों पर 5,280 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। कुल 1, 580 वीक्षकों की प्रतिदिन ड्यूटी लगाई गई है, जबकि दोनों दिनों में कुल 3, 160 वीक्षक तैनात रहेंगे। इसके अलावा 24 उप समन्वयक, 129 पर्यवेक्षक एवं 8 सतर्कता दल भी नियुक्त किए गए हैं।
मुख्य सचिव के निर्देशानुसार 1 अप्रैल को सायं 4 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
राजस्थान पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी
परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ ही परीक्षार्थियों एवं कार्मिकों के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षा केन्द्र पर मोबाइल फोन, घड़ी, धूप का चश्मा, बेल्ट, हैंड बैग, हेयर पिन, ताबीज, स्कार्फ, स्टॉल, शॉल आदि किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री लेकर प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। केवल लाख या कांच की पतली चूड़ियां पहनने की अनुमति दी गई है।
परीक्षार्थियों की परीक्षा केन्द्र में प्रवेश से पूर्व गहन सुरक्षा जांच (फ्रिस्किंग) की जाएगी। इसके लिए हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) का भी उपयोग किया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस कार्मिकों द्वारा गोपनीयता का ध्यान रखते हुए की जाएगी।
ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। पुरुष अभ्यर्थियों को आधी आस्तीन की शर्ट/टी-शर्ट या कुर्ता, पेंट/पायजामा एवं हवाई चप्पल या स्लीपर पहनकर आना होगा। वहीं महिला अभ्यर्थियों को सलवार सूट या साड़ी, आधी आस्तीन का कुर्ता/ब्लाउज एवं हवाई चप्पल या स्लीपर पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं।
बिना मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र एवं प्रवेश पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा केन्द्र पर तैनात सभी कार्मिकों एवं अधिकारियों की भी सख्ती से जांच की जाएगी। सभी के मोबाइल फोन स्विच ऑफ करवाकर केन्द्राधीक्षक के पास जमा करवाए जाएंगे और उन्हें सील कर सुरक्षित रखा जाएगा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी एवं सतर्कता दल भी मोबाइल फोन परीक्षा केन्द्र में नहीं ले जा सकेंगे।