Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

शासन सचिवालय में राजीविका रंगोत्सव (होली मेला) का भव्य शुभारंभ

जयपुर, (25 फरवरी 2026)। महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के विपणन एवं ब्रांडिंग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में आयोजित “राजीविका रंगोत्सव” का सचिवालय परिसर में भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्रेया गुहा, अतिरिक्त मुख्य सचिव, ग्रामीण विकास विभाग एवं नेहा गिरि, राज्य मिशन निदेशक, राजीविका की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर मुख्य सचिव ने महिला स्वयं सहायता समूहों की सराहना करते हुए कहा कि राजीविका द्वारा आयोजित ऐसे विपणन मंच महिला उद्यमिता को नई दिशा प्रदान करते हैं तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं अतिरिक्त मुख्य सचिव ने महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को गुणवत्ता, नवाचार और पारंपरिक कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने राजीविका के स्टॉलस् का अवलोकन किया तथा महिला उद्यमियों से संवाद कर उनके उत्पादों, पैकेजिंग एवं विपणन रणनीतियों की जानकारी ली। राजीविका की राज्य मिशन निदेशक ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से स्वयं सहायता समूहों को प्रत्यक्ष बाजार उपलब्ध होता है, जिससे उन्हें ग्राहकों की प्रतिक्रिया प्राप्त करने एवं अपने उत्पादों को और बेहतर बनाने का अवसर मिलता है।

राजीविका रंगोत्सव शासन सचिवालय में 25 से 27 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राजस्थान के 13 जिलों से 15 स्वयं सहायता समूह भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में कुल 10 स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉल पर हर्बल गुलाल, पारंपरिक खाद्य सामग्री, गुजिया, ठंडाई उत्पाद, हर्बल उत्पाद, उपहार एवं सजावटी सामग्री, सॉफ्ट टॉयज, लकड़ी एवं क्रोशिया उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है। होली के अवसर को ध्यान में रखते हुए इको-फ्रेंडली एवं हर्बल उत्पादों को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

राजीविका रंगोत्सव का उद्देश्य महिला समूहों द्वारा चलाए जा रहे उद्यमों को बाजार में पहचान दिलाना, “राजसखी” ब्रांड को मजबूत करना और राज्य में महिलाओं की आजीविका को बढ़ावा देना है। यह आयोजन बिक्री बढ़ाने और स्वयं सहायता समूहों को बेहतर बाजार मंच उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.