Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
नीम का थाना में किसानों को कृषि कार्यों के लिए दिन के दो ब्लॉक में विद्युत आपूर्ति – ऊर्जा राज्य मंत्री
जयपुर, (25 फरवरी 2026)। ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि विधानसभा क्षेत्र नीम का थाना में 160 एमवीए के खराब ट्रांसफार्मर को हटाकर, अधिक क्षमता वाला 200 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर सुचारू बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। वर्तमान में किसानों को पहले की भांति दिन के दो ब्लॉक में 6-6 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने बताया कि 12 दिसम्बर 2025 को 400 केवी ग्रिड सब-स्टेशन बबई पर स्थापित 160 एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई थी। इससे नीम का थाना विधानसभा क्षेत्र के आंशिक हिस्से में कृषि व घरेलू उपयोग के लिए नियमित विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। स्थाई समाधान होने तक विभाग द्वारा कृषि कार्य हेतु दूसरी जगह के ट्रांस्फार्मर को डायवर्ट कर दिन व रात के ब्लॉक में 6-6 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गयी।
ऊर्जा राज्य मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक सुरेश मोदी द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रसारण तंत्र के ट्रांस्फार्मर में तकनीकी खराबी होने की स्थिति में विभाग द्वारा स्थाई समाधान होने तक वैकल्पिक माध्यमों से बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जाती है।
उन्होंने बताया कि कृषि एवं घरेलू कनेक्शनों के ट्रांस्फार्मरों के खराब होने पर उसे विभाग द्वारा 72 घंटों में बदलने का नियम है। विद्युत प्रसारण तंत्र के उच्च क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों को बदलने में अधिक समय लगने के कारण उन पर यह नियम लागू नहीं है।
इससे पहले विधायक मोदी के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में ऊर्जा राज्य मंत्री ने कहा कि विधान सभा क्षेत्र नीम का थाना में किसानों को माह जुलाई 2025 से विद्युत आपूर्ति दिन के दो ब्लॉक में दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि नीम का थाना विधान सभा क्षेत्र में किसानों को दिन के समय में विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने हेतु कुसुम कम्पोनेन्ट-ए के तहत 1.5 मेगावाट का एक सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जा चुका है तथा कुसुम कम्पोनेन्ट-ए के तहत 0.5 मेगावाट क्षमता का एक व कुसुम कम्पोनेन्ट-सी के तहत 11, कुल क्षमता 26.98 मेगावाट के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाना प्रस्तावित है।
नागर ने कहा कि नीम का थाना विधान सभा क्षेत्र में माह नवम्बर-2025 से 11 दिसम्बर 2025 तक कृषि व घरेलू विद्युत आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही थी। 12 दिसम्बर 2025 को ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के कारण उक्त विधान सभा क्षेत्र के आंशिक क्षेत्र में कृषि व घरेलू उपयोग के लिए नियमित विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इसके बाद 20 फऱवरी 2026 को खराब ट्रांस्फॉर्मर के स्थान पर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर किसानों एवं घरेलू उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति 22 फरवरी 2026 को नियमित कर दी गई है।