Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित— एचपीवी टीकाकरण, मौसमी बीमारियों एवं स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

जयपुर, (22 मई 2026) । जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिले में संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने एचपीवी टीकाकरण के संबंध में आमजन के बीच अधिकाधिक जागरूकता प्रसारित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र 14 वर्ष आयुवर्ग की किशोरियों को समय पर टीकाकरण का लाभ मिल सके।

मौसमी बीमारियों की रोकथाम के संबंध में उन्होंनेे पीने के स्वच्छ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने, ओआरएस की पर्याप्त व्यवस्था रखने तथा अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में कूलर एवं पंखों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयुवर्ग के रोगियों एवं उनके परिजनों की नियमित स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही टीकाकरण कार्यक्रमों की पोर्टल पर समयबद्ध एंट्री सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

मां वाउचर योजना की समीक्षा करते हुए योजना की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी जिला कलक्टर ने दिए। इसके अतिरिक्त विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के लंबित भुगतानों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।

बैठक में किलकारी कार्यक्रम एवं मोबाइल अकादमी पर राज्य प्रतिनिधि स्वाति द्विवेदी द्वारा प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना, एएनसी, परिवार कल्याण, लाडो प्रोत्साहन योजना, वय वंदन योजना, हरियालो राजस्थान अभियान, आभा कार्ड, आयुष्मान आरोग्य योजना, अनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान, आईएचआईपी पोर्टल पर डेटा एंट्री, यूडीआईडी, संस्थागत प्रसव, पीसीपीएनडीटी योजना, आरबीएसके योजना, टीबी मुक्त भारत अभियान, आगामी विश्व तंबाकू निषेध दिवस एवं स्टॉप डायरिया कैम्पेन सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर  मुकेश कुमार मूंड, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रथम डॉ. रवि शेखावत, द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.