Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

राजस्थान वीरों एवं रणबांकुरों की धरती लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ का जीवन वीरता, शौर्य एवंसाहस का अप्रतिम उदाहरण

मुख्यमंत्री ने लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ की मूर्ति का किया अनावरण

जयपुर, (22 अप्रेल 2026)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान वीरों एवं रणबांकुरों की धरती है। यहां के सपूतों ने अनेक युद्धों में वीरता एवं शौर्य का परिचय दिया है। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ को नमन करते हुए कहा कि वीर भूमि के इस सपूत ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पण कर साहस का अप्रतिम उदाहरण पेश किया। उन्होंने कहा कि इन युगपुरूषों से युवाओं को दिशा मिलती है तथा इनकी शौर्य गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने का काम करेंगी।

शर्मा बुधवार को चूरू में आयोजित लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ के मूर्ति अनावरण एवं ‘शौर्य के साथ संकल्प दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह ने 19 साल की उम्र में बीकानेर रियासत की सेना में सैन्य जीवन से शुरूआत की। उन्होंने भारत के पहले हेलीकॉप्टर सैन्य अभियान सहित कई सफल नवाचार भी किए। भारत-चीन युद्ध और बांग्लादेश मुक्त करने के संघर्ष में उनका योगदान युवाओं को साहस और युद्ध कौशल की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पद्म भूषण और परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ के सम्मान में चूरू स्टेडियम का नाम सगत सिंह राठौड़ स्टेडियम किया है।

सैनिक कल्याण के लिए निरन्तर हो रहे कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सैनिक कल्याण के लिए सजग होकर निरन्तर कार्य कर रही है। डीडवाना-कुचामन में राजस्थान के पहले एकीकृत सैनिक कल्याण परिसर की स्थापना की तथा नवीन जिला सैनिक कल्याण कार्यालय खोले जा रहे हैं। साथ ही, आरटीडीसी के सभी होटलों और गेस्ट हाउसों में वीरांगनाओं को 50 प्रतिशत और सेवारत एवं पूर्व सैनिकों को 25 प्रतिशत की छूट का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में राजस्थान एक्स सर्विसमेन कॉर्पोरेशन के जरिए कार्यरत पूर्व सैनिकों के मानदेय वृद्धि, द्वितीय विश्व युद्ध के पूर्व सैनिकों को मिलने वाली पेंशन में बढ़ोतरी, पुलिस, जेल गार्ड, अग्निशमन सहित कई सेवाओं में अग्निवीरों के लिए आरक्षण सहित विभिन्न कदम सैनिक हित में उठाए गए हैं।

प्रधानमंत्री ने मेक इन इंडिया से सेना के आधुनिकीकरण पर दिया बल

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के कारण सेना के बलिदान की अनदेखी कर वन रैंक वन पेंशन को दशकों तक लटकाए रखा गया। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे लागू कर भूतपूर्व सैनिकों को सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मेक इन इंडिया के माध्यम से सेना के आधुनिकीकरण पर बल दिए जाने से भारतीय सेना का विश्व में मान बढ़ा है। प्रधानमंत्री ने युवाओं को विकास से जोड़ा और सशस्त्र बलों की अनुशासित कार्यवाही से नक्सलवाद की समस्या का समाधान हो गया है।

शर्मा ने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार पिछले सवा दो साल में प्रदेश के विकास का रोडमैप बनाकर काम कर रही है। संकल्प पत्र के 74 प्रतिशत वादे पूरे कर लिए गए हैं तथा संकल्प पत्र में किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए ईआरसीपी, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर, देवास, माही, ब्राह्मणी सहित विभिन्न परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। यमुना जल समझौते से शेखावाटी को पर्याप्त मात्रा में जल की आपूर्ति होगी जो इस क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदल देगी। उन्होंने पूर्व विधायक राजेन्द्र राठौड़ को जन्मदिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ ने भारत-चीन युद्ध में अदम्य शौर्य, वीरता एवं अदम्य साहस दिखाया। शेखावाटी की धरती पर पैदा हुए इस अजेय योद्धा ने देश की सेवा का संकल्प लिया। इन्होंने गोवा मुक्ति संग्राम में भी योगदान दिया। उन्होंने कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल की प्रतिमा अनावरण से नौजवानों को नई दिशा मिलेगी एवं आगामी पीढ़ी इससे प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाएगी।

सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर ने लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ के बलिदान एवं साहस का जिक्र करते हुए कहा कि भारत-चीन युद्ध में नाथूला बॉर्डर पर उन्होंने दुश्मनों से डटकर मुकाबला किया। उन्होंने आजाद भारत की सेना में विभिन्न पदों पर अपना कौशल सिद्ध किया। चूरू में जन्मे  सिंह का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि उनके साहसिक सैन्य अभियान के कारण सिक्किम की जनता 11 सितम्बर को नाथूला विजय दिवस मनाती है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ के मूर्ति अनावरण एवं उनकी जीवनी पर आधारित शिलापट का अवलोकन किया। उन्होंने वॉर मेमोरियल का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार नायक, पैरालिंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष देवेन्द्र झाझड़िया, विधायक हरलाल सहारण सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.