Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जन आंदोलन बनेगा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान, कल से होगा भव्य शुभांरभ
स्वच्छता और जल संरक्षण के लिए होंगे सामूहिक प्रयास,विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून तक चलेगा अभियान
सीकर, (24 मई 2026)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 25 मई से 5 जून 2026 तक आयोजित होने वाले “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” का शुभारम्भ 25 मई को प्रातः 9 बजे स्मृति वन सीकर में नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा करेंगे।
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि 25 मई को जिला स्तरीय वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 का शुभारम्भ होगा। जिला स्तर, ब्लॉक स्तर, ग्राम पंचायत एवं ग्राम स्तर पर तथा शहरी क्षेत्रों में जल स्रोतों, नदियों, जल संग्रहण ढांचों एवं तालाबों आदि पर स्वच्छता अभियान, श्रमदान एवं दीप प्रज्ज्वलन की गतिविधियां आयोजित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया जाएगा।अभियान-2026 का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत नदी, नहरों एवं बांधों पर पूजन, नहरों व खालों की साफ-सफाई, जल उपयोक्ता संगमों द्वारा कार्यक्रम, “कैच द रेन” अभियान, नए कार्यों का शिलान्यास, वंदे गंगा प्रभात फेरी, कलश यात्रा, पीपल पूजन एवं पीपल पौधारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि 27 मई को जिला स्तरीय कार्यक्रमों के आयोजन के साथ स्थानीय गौशालाओं, पशु चिकित्सालयों एवं दुग्ध संघों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विचार-विमर्श, संगोष्ठियां एवं मीडिया फील्ड भ्रमण भी आयोजित किए जाएंगे।इसी प्रकार 28 मई को विभागों, भामाशाहों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से “वंदे गंगा जल सेवा” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड, अनाज मंडी एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई, जल बचत के लिए जनजागरूकता, जल परीक्षण अभियान, राजकीय भवनों की साफ-सफाई एवं मरम्मत, सड़क किनारे पौधारोपण की अग्रिम तैयारी, सीएसआर कार्यशाला, जल उपयोग अंकेक्षण, एनर्जी ऑडिट एवं ग्रीन बजट की जानकारी दी जाएगी।29 मई को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण एवं राजीविका द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में प्राचीन तालाबों, जोहड़ों एवं अन्य जल स्रोतों की मैपिंग, साफ-सफाई और मरम्मत के कार्यों के साथ ही मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसी प्रकार 30 मई को जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के अंतर्गत पूर्ण कार्यों का अवलोकन एवं लोकार्पण के अलावा नए कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा। वहीं, औरण एवं चारागाहों का चिन्हीकरण, पौधारोपण की अग्रिम तैयारी तथा ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर जल चौपालों का आयोजन भी किया जाएगा। 31 मई रविवार को पंचायती राज विभाग एवं खेल विभाग द्वारा स्वयं सेवी संस्थाओं के सहयोग से वंदे गंगा प्रभात फेरियां, साइकिल रैलियां और जागरूकता अभियान रैलियां निकाली जाएंगी। वहीं, पुलिस, सेना एवं अर्द्धसैनिक बलों द्वारा चिन्हित स्थानों पर श्रमदान किया जाएगा। इसके अलावा स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा बावड़ियों एवं जल संग्रहण संरचनाओं की साफ-सफाई, पशुओं के लिए स्वच्छ पेयजल व्यवस्था तथा पक्षियों के लिए परिंडे बांधने जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, स्वायत्त शासन विभाग द्वारा जल स्रोतों की साफ-सफाई व मरम्मत कर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। अमृत 2.0 के अंतर्गत कार्यों का अवलोकन एवं लोकार्पण करने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा रख-रखाव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘नो प्लास्टिक डे’ के तहत प्लास्टिक कचरे का चिन्हित स्थानों पर निष्पादन भी किया जाएगा।1 जून को कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा स्प्रिंकलर, ड्रिप, फार्म पॉण्ड एवं पाइपलाइन जैसी सूक्ष्म सिंचाई पद्धति पर कार्यशाला एवं प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। वहीं, कृषि विज्ञान केन्द्रों पर संगोष्ठियां आयोजित कर प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, प्रिसीजन फार्मिंग पर चर्चा के साथ ही किसान चौपाल आयोजित की जाएंगी। इसी प्रकार 2 जून को जल संसाधन विभाग द्वारा नदियों, बांधों, सरोवरों एवं नहरों पर पूजन कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, नहरों और खालों की साफ-सफाई तथा गाद निकालने के कार्य किए जाएंगे। साथ ही, नए कार्यों का शिलान्यास एवं पूर्ण कार्यों का लोकार्पण भी होगा। वहीं, पीएचईडी द्वारा रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम निर्माण की तकनीकी जानकारी, जल बचत के लिए जन जागृति कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।3 जून बुधवार को जिला प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर विशेष नवाचार एवं अभिनव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, ऊर्जा विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर्स के आस-पास साफ-सफाई के अलावा सौर ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों का सम्मान किया जाएगा। मीडिया राउण्ड टेबल जल संरक्षण एवं जल संग्रहण के करवाये जा रहे कार्यों के महत्व से मीडिया को अवगत करवाया जायेगा।4 जून को जिला स्तर पर जल एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर निबंध, नारा लेखन, चित्रकला, खेलकूद प्रतियोगिताएं और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। वहीं, सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा सरकारी भवनों में स्थापित वर्षा जल संचयन संरचनाओं की साफ-सफाई की जाएगी। इसी प्रकार ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर जल चौपाल आयोजित कर जल संग्रहण एवं जल संरक्षण कार्यों पर चर्चा की जाएगी।विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को वन विभाग द्वारा हरियालो राजस्थान अभियान के तहत गड्ढे खोदने, वन क्षेत्र की जल संरचनाओं की गाद निकालने एवं अवलोकन-लोकार्पण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, चयनित स्थानों पर ईको फ्रेंडली आर्ट लगाने के साथ ही आमजन को तुलसी के पौधों का वितरण भी किया जाएगा। साथ ही, स्वायत्त शासन विभाग द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने को लेकर जन-जागृति अभियान चलाया जाएगा।इसी दिन अभियान के तहत जिला स्तरीय समापन समारोह आयोजित किया जायेगा। इस अवसर पर जल संरक्षण एवं जनभागीदारी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले भामाशाहों, संस्थाओं, पंचायतों, नगर निकायों और जल योद्धाओं को “जल गौरव सम्मान” प्रदान किया जाएगा। साथ ही, पर्यटन विभाग की ओर से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।