Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
झुंझुनू ,(24 मई 2026)। जिला पुलिस प्रशासन झुंझुनू द्वारा “संडे ऑन साइक्लिंग” थीम के अंतर्गत आज पुलिस लाइन xपरिसर में एक भव्य योग शिविर एवं साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मोदी वर्ल्ड स्कूल के प्रधानाचार्य रवि शंकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण इस आयोजन ने संडे मॉर्निंग को हेल्दी और हैप्पी बना दिया।
योग शिविर में महिला पतंजलि योग समिति की जिला प्रभारी गीता नूनियां ने अपनी टीम — नवलगढ़ तहसील प्रभारी श्रीमती संतोष, शशिबाला नूनियां एवं अंजना आबूसरिया — के साथ पुलिस प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योग और प्राणायाम की सूक्ष्म जानकारियाँ प्रदान कीं। शिविर में भस्त्रिका, कपालभाति, भ्रामरी, उद्गीत एवं बाह्य प्राणायाम सहित विभिन्न सूक्ष्म क्रियाओं का अभ्यास करवाया गया। योग साधना के माध्यम से “गति में ही शक्ति है” का प्रेरणादायी संदेश भी दिया गया।
महिला पतंजलि योग समिति ने “पहला सुख निरोगी काया” संकल्प के साथ समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए पिछले दो दशकों से निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम को आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों का शुभारंभ भी माना गया।
योग शिविर के उपरांत जिला पुलिस प्रशासन द्वारा भव्य साइकिल रैली निकाली गई। रैली में पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह , एसपी देवेंद्र सिंह , फूलचंद , सीओ झुंझुनू गोपाल सिंह ढ़ाका , सीओ ग्रामीण हरी सिंह , सीओ साइबर, रामखिलारी जी (एसएचओ कोतवाली ट्रैफिक) सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही मोदी वर्ल्ड स्कूल के अध्यक्ष दिलीप मोदी , प्रधानाचार्य रवि शंकर , कूरडा राम एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों तथा शूरवीर सेवा के बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साइकिल रैली पुलिस लाइन से रवाना होकर हवाई पट्टी, रेलवे स्टेशन, पीरू सिंह सर्किल से गुजरते हुए शहीद स्मारक पहुंची, जहाँ रैली का समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान स्वास्थ्य, अनुशासन, प्रसन्नता और सामूहिक सहभागिता का सुंदर एवं प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला।
अंत में महिला पतंजलि योग समिति, झुंझुनू ने जिला पुलिस प्रशासन, मोदी वर्ल्ड स्कूल के अध्यक्ष एवं प्रधानाचार्य सहित सभी सहयोगियों का तहे दिल से आभार व्यक्त किया।